कानपुर देहात के डेरापुर-रूरा मार्ग पर कार-ऑटो की टक्कर, छात्र समेत दो की मौत; 5 घायल

Spread the love

कानपुर देहात में कार और ऑटो की टक्कर में एक छात्र सहित दो लोगों की मौत हो गई है. हादसे में घायल पांच लोगों का मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी है. रूरा थाना क्षेत्र के चिलौली गांव के पास डेरापुर-रूरा मार्ग पर बृहस्पतिवार सुबह करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार और ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई. हादसे में ऑटो के परखच्चे उड़ गए. वहीं, कक्षा चार के छात्र समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.

मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो डेरापुर की ओर जा रहा था. चिलौली गांव के पास सामने से आ रही कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया. हादसे में मल्लहानपुरवा निवासी गुड्डू का 12 वर्षीय पुत्र दानिश, जो कक्षा चार का छात्र था और भरथना निवासी राजेश का पुत्र अंकित (19) की मौके पर ही मौत हो गई.

ऑटो चालक धर्मेंद्र (25) निवासी गहोबा, संजीव (44) निवासी भरथना, आसिफ (14), सलीम (20) और रहमत (60), तीनों निवासी पुमई, प्रयागराज गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी को प्राथमिक उपचार के बाद अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.

थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि दोनों के शव मोर्चरी भेजे गए हैं. घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। तहरीर मिलने पर प्राथमिक की दर्ज करवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *