कानपुर नगर निगम सदन में महिला पार्षद से धक्का-मुक्की का मामला पहुंचा पुलिस तक, दी तहरीर

Spread the love

कानपुर नगर निगम के सदन में कार्यवाही के दौरान महिला पार्षद के साथ अभद्रता, धक्का-मुक्की और गाली-गलौज का मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. वार्ड-10 की पार्षद लक्ष्मी कोरी ने बुधवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव से शिकायत की. उन्होंने आरोप लगाया कि सदन में कई पार्षदों ने उन्हें घेर लिया, गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की की गई.

उन्होंने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है. वहीं पार्षद पवन गुप्ता की शिकायत पर बुधवार को स्वरुप नगर थाने की पुलिस 26 सितंबर को हुई घटना की जांच के सिलसिले में नगर निगम के स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम में सीसीटीवी फुटेज देखने पहुंची थी.

वार्ड-10 की पार्षद लक्ष्मी कोरी ने डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव से सदन में धक्का-मुक्की और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए शिकायत की.

पार्षदों पर धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई का आरोप:पार्षद लक्ष्मी कोरी ने बताया कि 26 सितंबर को वह नगर निगम सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंची थीं. इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि कौशलपुरी मंडल मंत्री मनीष बाजपेयी और पार्षद पवन गुप्ता को महापौर के बेटे बंटी पांडेय और अनुराग पांडेय ने एक कमरे में बंद कर दिया है.

उन्होंने इसका विरोध किया। उस समय पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद थे. दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच उन्होंने सदन की कार्यवाही के दौरान महापौर को इस मामले की जानकारी देने की कोशिश की. पार्षद लक्ष्मी कोरी ने कहा कि वह दलित वर्ग से आती हैं और सुरक्षित सीट से चुनाव जीतकर दोबारा पार्षद बनी हैं. इसके बावजूद सदन में उनके साथ अपमानजनक व्यवहार किया गया.

इन पार्षदों पर लगाए आरोप: आरोप है कि इसी दौरान पार्षद आकार्ष बाजपेयी,वंदना शर्मा, गोविंद शुक्ला और गोलू शुक्ला ने उन्हें सदन के अंदर घेर लिया और धक्का-मुक्की करते हुए हाथापाई की कोशिश की गई. लक्ष्मी कोरी का आरोप है कि आकर्ष बाजपेयी और वंदना शर्मा ने उनके साथ अभद्रता और गाली-गलौज भी की.

उन्हें बागी पार्षद बताते हुए सदन से बाहर जाने को कहा गया। साथ ही, उन्हें अपमानित भी किया गया. उन्होंने कहा कि अगर इन आरोपी पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो दलित समाज कभी माफ नहीं करेगा.

महापौर के बेटों पर पवन गुप्ता ने लगाया था पीटने का आरोप: अशोक नगर के वार्ड-37 से पार्षद पवन गुप्ता ने मंगलवार को डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव से महापौर के बेटे अमित पांडेय और अनुराग पांडेय के खिलाफ तहरीर दी थी. पवन गुप्ता ने कानपुर नगर निगम में कार्यकारिणी चुनाव के दौरान अमित पांडेय और अनुराग पांडेय पर मारपीट और धमकाने का आरोप लगाया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *