कन्नौज में एक्सप्रेस-वे पर कौशांबी की स्कूल बस को ट्रक ने टक्कर मारी, 4 बच्चों की मौत; 25 जख्मी

Spread the love

UP के कन्नौज में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर स्कूल बस को ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दी. हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई. 25 घायल हैं। बस में 50 बच्चों समेत 58 लोग सवार थे. बच्चे आगरा में पिकनिक मनाकर वापस कौशांबी लौट रहे थे.

एसपी विनोद कुमार ने बताया- बस कौशांबी के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की है. रात 12 बजे आगरा से रवाना हुई थी. मंगलवार सुबह 6 बजे बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए बस एक्सप्रेस-वे पर खड़ी थी. तभी पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी.

टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा चकनाचूर हो गया. सीटें उखड़ गईं। बच्चे सीटों के बीच में फंस गए. चीख-पुकार मच गई.

पुलिस ने राहगीरों की मदद से रेस्क्यू शुरू किया. बच्चों को बाहर निकाला. एंबुलेंस से तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया. हादसा ठठिया थाना क्षेत्र में हुआ. हादसे की वजह ट्रक ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है.

जिन 4 बच्चों की मौत हुई है, उनमें कौशांबी के आर्यन चौरसिया (14), रजीउल्लाह (16), फतेहपुर के जैद मिर्जा (17) और अरमान (17) हैं. अरमान और आर्यन 8वीं जबकि रजीउल्लाह और मो. जैद 10वीं के छात्र थे। स्कूल प्रबंधक सलमान और एक अन्य बच्चे की हालत नाजुक है, जिन्हें कानपुर के हैलेट हॉस्पिटल रेफर किया गया है.

टॉयलेट के लिए रुकी हुई थी बस: बस में करीब 50 छात्र और छह शिक्षक सवार थे. मंगलवार सुबह जब बस ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 209.9 के पास टॉयलेट के लिए रुकी हुई थी, तभी पीछे से आ रहे आलू लदे अनियंत्रित ट्रक ने बस में जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर बच्चों की चीख-पुकार मच गई.

मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य से बात करते डीएम व एसपी.

मेडिकल कॉलेज पहुंचे डीएम और एसपी: हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और यूपीडा की टीमों के साथ कई एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं. तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करते हुए सभी घायल बच्चों को उपचार के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा पहुंचाया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *