गाजियाबाद में 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में कपूत ने 6 गोलियां उतार दी सीने में

Spread the love

गाजियाबाद में 150 करोड़ की प्रॉपर्टी के विवाद में बेटे ने पिता की हत्या कर दी. पुलिस के मुताबिक, बुधवार रात 12 बजे आरोपी ने पिस्टल से पिता के चेहरे, सीने और पेट में 6 गोलियां मारीं. बेटा शराब पीकर घर आया था. पिता ने उसे डांट दिया. इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया.

पति का शव देखकर पत्नी चीख पड़ी. बेटे से कहा- तूने पूरा घर उजाड़ दिया. गोलियों की आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी भाग चुका था. आरोपी बेटा निखिल (32) प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए पिता हरिओम चौधरी (52) पर दबाव बना रहा था.

हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे. उनका कहना था कि बेटा जमीन बेचकर शराब पी जाएगा. रात को भी जब पिता ने डांटा तो विवाद बढ़ा और निखिल ने पिता की हत्या कर दी.

करीब 8 साल पहले निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू को भी गोली मारी थी, लेकिन उसकी जान बच गई थी. आरोपी की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगाई गई हैं. घटना मोदीनगर थाना क्षेत्र की है.

25 बीघा जमीन बेटे के नाम थी, फिर भी बना रहा था दबाव: हरिओम बुदाना गांव के रहने वाले थे. वह संपन्न किसान थे. मोदीनगर में उनके नाम पर 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड पर जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है. उनकी कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है. परिवार में पत्नी अनीता, बड़ा बेटा निखिल और छोटा बेटा नीशू हैं. दोनों बेटों की शादी नहीं हुई है.

एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बड़ा बेटा निखिल शराब का आदी है. इसी वजह से पिता से उसका अक्सर विवाद होता था. उन्होंने निखिल को मार्केट में दुकानें और 25 बीघा जमीन दे रखी थी, लेकिन वह बाकी संपत्ति भी अपने नाम कराना चाहता था.

परिजन हरिओम चौधरी को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पहले हाथापाई की, फिर गोली मार दी: एसीपी ने बताया कि बुधवार रात हरिओम चौधरी ने पत्नी और छोटे बेटे के साथ खाना खाया. उस समय बड़ा बेटा निखिल घर पर नहीं था. वह देर रात शराब पीकर घर पहुंचा. पिता ने शराब पीकर आने पर उसे डांट दिया. इस पर निखिल ने अवैध पिस्टल निकाल ली और पिता से गाली-गलौज करने लगा. दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया.

शोर सुनकर हरिओम की पत्नी अनीता और छोटा बेटा नीशू भी वहां पहुंच गए. इसी दौरान हाथापाई हुई और निखिल ने पिता पर ताबड़तोड़ 6 गोलियां चला दीं. गोली लगते ही हरिओम फर्श पर गिर पड़े. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

एसीपी बोले- जल्द पकड़ा जाएगा आरोपी: एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया परिजनों ने जमीन विवाद की बात बताई है. पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. आरोपी बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है. उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *