UP के बुलंदशहर के व्यस्ततम चौक बाजार में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक बिस्कुट एजेंसी पर माल उतारते वक्त अचानक फुफकारते हुए एक सांप निकल आया. कर्मचारी सांप से बचने की कोई सूरत निकाल पाते उससे पहले ही उसने एक कर्मचारी को डस लिया। सांप के डसने और दहशत से कर्मचारी की हालत बिगड़ने लगी तो साथी उसे लेकर आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचे. जिला अस्पताल के डॉक्टर सांप के डसने के शिकार कर्मचारी के इलाज में जुटे हैं.
घटना बुलंदशहर के चौक बाजार स्थित खाने-पीने की चीजों की एक एजेंसी की है। बुधवार को वहां माल वाहन से बिस्कुट की पेटियां उतारी जा रही थीं. इस दौरान एजेंसी के कर्मचारी पेटी उठाकर दुकान के अंदर रख रहे थे. तभी एक पेटी को उठाते ही उसमें से एक जहरीला सांप निकला. सांप फुफकारते हुए फन काढ़े सामने खड़ा हो गया. सांप को देखकर कर्मचारियों में दहशत फैल गई. रोंगटे खड़े कर देने वाले दृश्य को देखकर उनके शरीरों में सिरहन दौड़ गई.
बचने का मौका नहीं मिला, सांप ने डसा: बिस्कुट एजेंसी पर पेटी उठाते समय सांप निकला तो डर के मारे कर्मचारियों की हालत खराब हो गई। उन्होंने खुद को बचाने और वहां से भागने की कोशिश की लेकिन कर्मचारियों को बचने का बिल्कुल भी मौका नहीं मिला. सांप ने बिना किसी को मौका दिए एक कर्मचारी को हाथ पर डस लिया. सांप की दहशत और उसके डसने के चलते शरीर में फैलते जहर से कर्मचारी की हालत बिगड़ने लगी. साथी कर्मचारियों और आसपास के दुकानदारो ने उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया.
मौके पर जमा हो गई भीड़: सांप को देखकर एजेंसी के कर्मचारियों की चीख निकल गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद लोगों और व्यापारियों की भीड़ वहां जुट गई. जिसने भी कर्मचारी को सांप द्वारा डसा जाना सुना वो हैरान रह गया. इस घटना से पूरे चौक बाजार में हड़कंप मच गया. पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सांपों के निकलने और डसे जाने की खबरें आ रही हैं. गनीमत रही कि बुधवार को जिस कर्मचारी को सांप ने डसा उसके सहकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की टीम कर्मचारी के इलाज में जुटी हुई है. इस घटना से आसपास के दुकानदारों और बाजार के अन्य लोगों में सांपों को लेकर दहशत पैदा हो गई है. लोग एक-दूसरे को सावधानी बरतने की सलाहें दे रहे हैं. वहीं, बाजार के कई व्यापारियों और कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचकर वहां भर्ती कर्मचारी का हाल-चाल लिया.
















Leave a Reply