यूपी के फिरोजाबाद में अब दिनदहाड़े लाइव एनकाउंटर हुआ है. शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर एसओजी की टीम पर दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी. इसमें दो सिपाहियों को गोली लगी। जवाब में कई थानों से पहुंची पुलिस ने बदमाशों की घेरेबंदी की और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं. इस गोलीबारी में एक के बाद एक दोनों बदमाशों को मार गिराया गया. करीब बीस थानों की पुलिस और जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. गोली से घायल दोनों सिपाहियों को अस्पताल भेजा गया है. एक सिपाही के पेट में गोली लगने से हालत गंभीर बताई जा रही है. दूसरे सिपाही को कंधे पर गोली लगी है। गंभीर सिपाही को आगरा रेफर किया गया है.
बताया जाता है कि 3 जुलाई को इटावा में डॉक्टर से हुई लूट की घटना के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया था. जबकि सुमित और अंकित उर्फ सीपू फरार चल रहे थे. शुक्रवार को दोनों बदमाशों के गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में होने की सूचना पुलिस को मिली थी. इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन की घेरेबंदी कर तलाशी शुरू कराई. खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर गोली चला दी. अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम सकपका गई. बदमाशों की गोली एसओजी के दो सिपाहियों डेविड चौहान और पुष्पेंद्र को लगी. एक सिपाही के पेट और दूसरे के कंधे में गोली लगी.
सिपाहियों को गोली लगने की सूचना से हड़कंप: पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की लेकिन दोनों बदमाश खेतों की ओर भाग निकले. दिनदहाड़े अचानक शुरू हुई गोलीबारी से अफरातफरी मच गई. एसओजी की टीम ने भाग रहे बदमाशों का पीछा कर लिया. उधर, सिपाहियों को गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया. कई थानों की पुलिस बदमाशों की घेरेबंदी में लग गई। अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए.
स्कूल में घुसे बदमाशों ने बच्चों को बनाया ढाल: करीब एक किलोमीटर दूर नीम खेरिया गांव में एक स्कूल के अंदर पहुंच गए बदमाशों को घेर लिया गया. यहां बदमाशों ने बच्चों को ढाल बनाने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हुए. यहां एक बार फिर पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई और एक के बाद एक दोनों बदमाशों को मार गिराया गया.
घटना की सूचना मिलते ही इटावा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ब्रजेश श्रीवास्तव और अपर पुलिस अधीक्षक अभय नाथ त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके के लिए रवाना हो गए. फिरोजाबाद के भी अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. पुलिस पूरे इलाके में कॉम्बिंग कर रही है और अधिकारी लगातार पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं.
















Leave a Reply