UP में सोमवार को प्रयागराज और कौशांबी बॉर्डर पर एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया इससे 2 बच्चों समेत 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 झुलस गए. पुलिस के मुताबिक, विस्फोट से पूरी फैक्ट्री जमींदोज हो गई. 100 मीटर के दायरे में बने आसपास के 8 मकान क्षतिग्रस्त हो गए. इनमें से 3 जमींदोज हो गए.
हादसा दोपहर साढ़े 12 बजे कौशांबी जिले के मोहम्मदपुर गांव में हुआ. यह गांव प्रयागराज बॉर्डर पर है। यहां से मनौरी स्थित एयरफोर्स स्टेशन 2 किमी है. पुलिस, एयरफोर्स, NDRF और SDRF के 200 जवान रेस्क्यू में जुटे हैं. 10 बुलडोजरों से मलबा हटाया जा रहा है. पुलिस को शक है कि मलबे के नीचे कुछ लोग दबे हो सकते हैं. ऐसे में मौत का आंकड़ा और बढ़ सकता है. हादसे के वक्त फैक्ट्री में 20 मजदूर काम कर रहे थे. आसपास के घरों के कुछ लोग भी घायल हैं.

धमाके की आवाज 2 किमी दूर तक सुनाई दी. कुछ ही देर में धुएं का गुबार चारों तरफ छा गया। विस्फोट के बाद पटाखों के चलते लगातार धमाके होते रहे. ग्रामीण झुलसे लोगों को चारपाई पर ले जाते दिखे। विस्फोट की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मकान की तीसरी मंजिल में 8 फीट का छेद हो गया. एक मंजिला फैक्ट्री 800 वर्गफीट में बनी थी. मालिक का नाम आदिल है. पुलिस के मुताबिक, फैक्ट्री के बगल में नई बस्ती बस रही थी.
विस्फोट की चपेट में कई मकान क्षतिग्रस्त : बताया जा रहा है कि पिपरी और पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की सीमा पर आदित्य नाम से संचालित बताए जा रहे पटाखा गोदाम में अचानक तेज विस्फोट हुआ. धमाका इतना जबरदस्त था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. विस्फोट की चपेट में आने से कई मकानों के क्षतिग्रस्त और कुछ मकानों के ध्वस्त होने की सूचना है.
चीख-पुकार और अफरा-तफरी: हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. राहत और बचाव दल भी मौके पर पहुंचकर मलबे में किसी के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान में जुटे हैं. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता राहत एवं बचाव कार्य है। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
घायलों को चारपाई से उठाकर लाए: विस्फोट और मकानों के गिरने के बाद आसपास के लोग दौड़े. उन्हें जो लोग मलबे के बीच खून से लथपथ दिखे, उन्हें चारपाई पर कुछ दूर लेकर आ गए. इसके बाद किसी गाड़ी या फिर एम्बुलेंस का इंतजार करने लगे.
महिला बोली- परिवार के 5 लोग मलबे में दबे थे, प्रशासन ने निकाला: स्वरूप रानी अस्पताल पहुंची महिला रानी ने बताया- बिजली का खंभा गिरने के बाद फैक्ट्री में रखे बारूद में तेज धमाका हुआ. आसपास का पूरा इलाका दहल गया और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए. मेरे परिवार के 5 लोग मलबे में दब गए. प्रशासन से सभी को निकाला.
जांच में जुटा प्रशासन: धमाका किस कारण से हुआ और गोदाम में वैध-अवैध कितनी मात्रा में पटाखे रखे गए थे, पुलिस और प्रशासन इसकी गहनता से जांच कर रहा है. फिलहाल प्राथमिकता मलबे से लोगों को सकुशल बाहर निकालने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की है.
कौशांबी डीएम बोले- दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन लेंगे: कौशांबी डीएम अमित पाल शर्मा ने बताया कि अब तक 5 लोगों की मौत हो गई है. रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. संपत्ति जब्त करने के बाद सख्त कार्रवाई की जाएगी. पटाखा फैक्ट्री का लाइसेंस करीब दो साल पहले निरस्त किए जाने की बात सामने आई है. मामले की प्रारंभिक जांच की जा रही है.
















Leave a Reply