कानपुर में युवक की मौत पर परिजनों ने घेरी चौकी, बोले- प्रेमिका के पिता ने दी थी धमकी; ट्रैक पर मरणासन्न मिला

Spread the love

कानपुर के काकादेव में शनिवार दोपहर रेलवे ट्रैक किनारे घायल मिले 25 वर्षीय अमन कुमार की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. परिजनों ने प्रेमिका के घरवालों पर बेटे को प्रताड़ित करने, जान से मारने की धमकी देने और हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है. परिवार का दावा है कि पहले अमन को पुलिस चौकी बुलाकर पीटा गया जिसके बाद से वह डरा हुआ था..

रविवार को आक्रोशित परिजनों ने ईदगाह पुलिस चौकी का घेराव कर करीब एक घंटे तक हंगामा किया. पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया. हालांकि, मौत की परिस्थितियों और हत्या के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.

रेलवे ट्रैक किनारे मरणासन्न हालत में मिला था अमन: कर्नलगंज थाना क्षेत्र के नया पुरवा निवासी किशोर कुमार मजदूरी करते हैं. परिवार में पत्नी सीमा और बेटा अमन कुमार था. अमन ड्राइवर था.

परिजनों के मुताबिक, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सूचना मिली कि काकादेव क्षेत्र में रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक गंभीर रूप से घायल पड़ा है. काकादेव पुलिस और जीआरपी मौके पर पहुंची। घायल को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल पहुंचाया गया.

उसके पास मिले मोबाइल और आधार कार्ड से पहचान अमन के रूप में हुई. पुलिस ने परिजनों को सूचना दी तो वे अस्पताल पहुंचे. देर रात इलाज के दौरान अमन की मौत हो गई. इसके बाद जीआरपी ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

कई साल से युवती से प्रेम संबंध था: अमन के पिता किशोर कुमार ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली एक युवती से बेटे के कई साल से प्रेम संबंध थे. युवती के घरवालों को इसकी जानकारी हुई तो वे अमन का विरोध करने लगे. पिता के मुताबिक, उन्होंने भी बेटे को युवती से बातचीत बंद करने के लिए समझाया था, लेकिन दोनों संपर्क में थे.

किशोर कुमार का आरोप है कि करीब एक महीने पहले युवती के परिजनों ने कर्नलगंज थाने में अमन के खिलाफ शिकायत दी थी. इसमें बेटी को परेशान करने का आरोप लगाया गया था. इसके बाद ईदगाह चौकी इंचार्ज ने अमन को चौकी बुलाया था. पिता का दावा है कि वहां बेटे के साथ मारपीट की गई और युवती से दोबारा बात न करने की शर्त पर उसे छोड़ा गया.

नवरात्र के पहले दिन मिलने बुलाया, फिर धमकाया: पिता ने बताया कि नवरात्रि के पहले दिन युवती ने फोन कर अमन को मिलने के लिए बुलाया था। उनका आरोप है कि इसकी जानकारी युवती के परिजनों को हुई तो वे अमन को फर्जी मुकदमे में फंसाने और जान से मारने की धमकी देने लगे.

किशोर कुमार के मुताबिक, शनिवार सुबह भी युवती के परिजनों ने अमन के खिलाफ थाने में शिकायत दी थी. इसके बाद पुलिसकर्मी अमन को बुलाने उसके घर पहुंचे. जब अमन घर पर नहीं मिला तो पुलिसकर्मियों ने पिता के फोन से उसे कॉल किया. पिता ने बेटे को बताया कि पुलिस आई थी और उसे थाने बुला रही है.

आरोप है कि पुलिस के आने की जानकारी सुनकर अमन घबरा गया और फोन काट दिया. इसके कुछ घंटे बाद ही उसके रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर रूप से घायल मिलने की सूचना मिली. परिजनों ने इन घटनाओं को जोड़ते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है.

‘बड़े अधिकारियों से संबंध हैं, फर्जी मुकदमे में फंसवा दूंगा’: किशोर कुमार ने युवती के पिता पर भी धमकाने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि युवती के पिता एक अधिकारी की गाड़ी चलाते हैं. वह अपने बड़े अधिकारियों से संबंध होने की बात कहकर अमन और परिवार को धमकाते थे.

पिता के मुताबिक, युवती के पिता कहते थे कि उनका बड़े अधिकारियों के यहां आना-जाना है और वे अमन को फर्जी मुकदमे में फंसवा सकते हैं. परिवार का दावा है कि इन धमकियों के कारण अमन परेशान रहने लगा था.

परिजनों ने यह भी कहा कि उनके पास युवती की ओर से फोन किए जाने की ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत अन्य साक्ष्य हैं. उन्होंने पुलिस से इनकी जांच करने और पूरे मामले की निष्पक्षता से पड़ताल करने की मांग की.

चौकी का घेराव कर एक घंटे किया हंगामा: अमन की मौत से आक्रोशित परिजन रविवार दोपहर करीब तीन बजे स्थानीय लोगों के साथ ईदगाह पुलिस चौकी पहुंच गए. उन्होंने चौकी का घेराव कर पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया. परिवार का कहना था कि उनकी शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया गया.

हंगामे की सूचना पर कर्नलगंज और बजरिया थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंचा. एसीपी कर्नलगंज ने भी परिजनों से बातचीत की. करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद परिजन शांत हुए और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए.

तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई: एसीपी कर्नलगंज ने बताया कि अमन के परिजनों ने ईदगाह पुलिस चौकी का घेराव किया था. उन्होंने युवक को प्रताड़ित किए जाने और पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाए हैं. एसीपी के मुताबिक, परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

फिलहाल अमन की मौत के कारणों और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. प्रेमिका के परिजनों की भूमिका और पुलिस चौकी में कथित मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *