उत्तर प्रदेश विधानपरिषद के 11 शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव में जारी मतगणना में अब तक आठ सीट के परिणाम आधिकारिक रूप से घोषित किए गए हैं, जिनमें से पांच सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और तीन पर समाजवादी पार्टी (सपा) ने जीत हासिल की है. वाराणसी खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव ने जीत हासिल की है. वाराणसी की दूसरी एमएलसी सीट पर भी भाजपा पस्त है। विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक सीट पर सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा 7195 वोटों से आगे चल रहे हैं. भाजपा से केदारनाथ सिंह पीछे चल रहे हैं.
जारी किये गये आधिकारिक परिणाम के अनुसार, मेरठ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के दिनेश कुमार गोयल, लखनऊ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के उमेश द्विवेदी, वाराणसी शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के लाल बिहारी यादव, आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा के डॉक्टर आकाश अग्रवाल और आगरा खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर मानवेंद्र प्रताप सिंह ने जीत हासिल की. इसके अलावा इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक क्षेत्र से सपा के डॉक्टर मानसिंह यादव, मेरठ शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के श्रीचंदर शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के डॉक्टर हरि सिंह ढिल्लो विजयी रहे.
वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव विजयी: वाराणसी खंड शिक्षक क्षेत्र की प्रतिष्ठित सीट पर सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव ने काफी विवाद और आरोप-प्रत्यारोप के बीच जीत हासिल की. उन्होंने परिणाम घोषित होने से पहले ही अपनी जीत का दावा करते हुए प्रशासन पर जीत की आधिकारिक घोषणा करने में देरी का आरोप लगाया. चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने वाराणसी शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन पर सवाल उठाए थे और कहाथा कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव चुनाव जीत चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन परिणाम घोषित नहीं कर रहा, जिससे संदेह पैदा होता है.
लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह की मजबूत बढ़त: झांसी से सूचना विभाग द्वारा जारी परिणाम के मुताबिक इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक सीट पर सपा के डॉक्टर मान सिंह यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के अशोक कुमार राठौर को 27 हजार 663 मतों से पराजित किया. लखनऊ खंड स्नातक सीट पर सपा की कांति सिंह ने मजबूत बढ़त बना रखी है. शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की कुल 11 विधानपरिषद सीट के लिए मतगणना मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी.















Leave a Reply