बिजनौर पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है. यहां अफजलगढ़ में रामलीला का मंचन कर रहे कलाकारों को थप्पड़ जड़ा. इतना ही नहीं रामलीला देखने आए गांव वालों पर लाठियां भांजी. अफजलगढ़ थाना प्रभारी के इस करतूत से गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने सीओ दफ्तर में जमकर प्रदर्शन किया. अफजलगढ़ पुलिस पर कार्रवाई की मांग की.

यह है पूरा मामला
अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के भूतपुरी गांव में रामलीला का मंचन चल रहा था. इस बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी कि भूतपुरी गांव में महिलाओं द्वारा अश्लील डांस चल रहा है. आरोप है कि सूचना पर पहुंचे अफजलगढ़ थाना प्रभारी ने मंच पर रामलीला का पाठ कर रहे पात्रों को थप्पड़ जड़ दिए. इतना ही नहीं जब अन्य पात्रों ने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की. आरोप है कि पुलिस ने ग्रामीणों को भगाने के लिए लाठियां भी भांजी. ग्रामीणों ने धार्मिक ग्रंथ रामायण का अपमान करने का भी आरोप लगाया.
‘राम-रावण’ को थप्पड़ मारने का आरोप
गांव वालों का आरोप है कि मंच पर राम और रावण का किरदार निभा रहे कलाकारों को मारा-पीटा. सूचना पर हिन्दू संगठन के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए. इसके बाद थाना प्रभारी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए सैकड़ों लोग सीओ दफ्तर पहुंच गए. गांव वालों ने सीओ अंजनी कुमार से बताया कि जिस तरह प्राचीन काल में ऋषि-मुनियों के हवन आदि कार्यक्रम में राक्षस तांडव करते थे, वैसे ही अफजलगढ़ में थाना अध्यक्ष का तांडव देखने को मिला है.
सीओ ने दिया जांच का आश्वासन
सीओ अंजनी कुमार ने बताया कि गांव वालों को समझाबुझा कर घर भेज दिया गया है. पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है. रामलीला कमेटी के अध्यक्ष संजीव कुमार ने थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उनका आरोप है कि थाना प्रभारी ने धार्मिक ग्रंथ रामायण का भी अपमान किया है. इससे गांव वालों में रोष है.
















Leave a Reply