मेरठ में मस्जिद में घुसकर मौलाना को गोली मार दी गई. वारदात उस वक्त हुई, जब मौलाना बच्चों की ऑनलाइन क्लास ले रहे थे. हमलावर अचानक मस्जिद में घुसा. बातचीत की, फिर गोली मार दी.
वारदात के बाद हमलावर तमंचा फेंककर भाग गया. गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंच गए. आनन-फानन में मौलाना को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया. घटना लिसाड़ी गेट थाना के मिलन पैलेस के पास स्थित मस्जिद की है.

गोली मौलाना के कान के पास फंसी
मौलाना का नाम नईम है. रविवार सुबह करीब 6 बजे मौलाना बच्चों को ऑनलाइन उर्दू पढ़ा रहे थे. इस दौरान हमलावर पहुंचा. थोड़ी देर तक मस्जिद के बाहर टहलता रहा. मौका मिलते ही अंदर घुसा और गोली मार दी. गोली मौलाना के कान के पास फंस गई. गोली की आवाज सुनकर लोग भीतर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गया था. मौलाना खून से लथपथ फर्श पर पड़े थे. लोगों ने उन्हें अस्पताल में एडमिट करवाया. प्रत्यक्षदर्शियों ने हमलावर की पहचान सरताज के रूप में की है. एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया- मस्जिद के भीतर से तमंचा बरामद किया गया है. हमलावर की तलाश में टीम लग गई है. जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जाएगा.
शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस एरिया में मस्जिद है. हमलावर उसी इलाके का रहने वाला है. पुलिस को पूछताछ में दो बातें पता चली हैं.
पहली- आज सुबह नमाज पढ़ने के दौरान धक्का-मुक्की हो गई थी. इस दौरान किसी की टोपी गिर गई थी. इसके बाद मौलाना ने सरताज को डांट दिया था. इसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया.
दूसरी- सरताज के घर का कोई सदस्य बीमार है. वह मौलाना से झाड़-फूंक करवाता है, लेकिन ठीक होने के बजाय उसकी तबीयत बिगड़ती जा रही थी. इससे नाराज होकर सरताज मस्जिद पहुंचा. उसकी मौलाना से कहासुनी हुई. इसके बाद उसने गोली मार दी.















Leave a Reply