कौशांबी जिले की चायल विधानसभा से सपा की बागी विधायक पूजा पाल अब भाजपा के लिए वोट मांग रही हैं. वह फूलपुर उपचुनाव में एक्टिव हो गई हैं. भाजपा प्रत्याशी दीपक पटेल के लिए प्रचार कर रही हैं. पूजा ने 9 महीने पहले राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की थी। मगर पार्टी के विरोध में कुछ भी बोलने से अबतक बच रही थीं लेकिन अब वो खुलकर सामने आ गयी है. इससे फूलपुर में भाजपा मजबूत हो रही है। यहां करीब 20 हजार पाल बिरादरी के वोटर हैं. पूजा की अपनी बिरादरी के लोगों में अच्छी पैठ मानी जाती है.
पूजा पाल ने मीडिया से बड़ी बेबाकी से कहा- सीएम योगी ने उन्हें न्याय दिलाया है, इसलिए उनके साथ हैं.

माफिया अतीक से लड़ना बहुत कठिन था
पूजा पाल ने कहा- विधायक पति राजू पाल की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी. 18 सालों तक हम न्याय के लिए लड़ते रहे. सभी ने आश्वासन दिया, लेकिन न्याय सीएम योगी से ही मिला. मेरे समाज को भी न्याय उन्हीं से मिला, इसलिए मैं उनके साथ हूं. मैं माफिया अतीक अहमद से 18 वर्षों तक लड़ती रही. भय में थी, लेकिन अब मुझे न्याय मिला है. मेरा नेचर स्वाभिमान से जीना है, इसलिए मैं न्याय के साथ हूं. पूरा पाल समाज मेरे साथ है.
पूजा पाल प्रयागराज के कटघर मोहल्ले में रहती थीं. 16 जनवरी 2005 को पूजा की शादी धूमनगंज के उमरपुर नीवां के निवासी राजू पाल के साथ हुई. राजू पाल उस समय इलाहाबाद के शहर पश्चिमी सीट से बसपा के विधायक थे. पूजा की शादी के महज 9 दिन बाद ही उनके पति राजू पाल की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी. इसमें माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ का नाम आया था. पति की हत्या के बाद पूजा पाल भयभीत नहीं हुईं और हत्यारों को सजा दिलाने के लिए लड़ाई लड़ती रहीं.

2007 में पहली बार बसपा से शहर पश्चिमी से चुनाव जीतकर विधायक बनीं. 2012 में भी बसपा से चुनाव जीतीं. 2017 में बसपा से लड़ कर हार गई थीं. 2022 में सपा के टिकट पर कौशांबी की चायल सीट से चुनाव लड़ी और विधायक बनीं.















Leave a Reply