कानपुर की काकादेव कोचिंग मंडी के सैकड़ों छात्र रेप के आरोपी शिक्षक की रिहाई को लेकर सड़क पर उतरे

Spread the love

कानपुर में मेडिकल की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप केस में जेल भेजे गए शिक्षक साहिल सिद्दीकी और विकास पोरवाल के पक्ष में सैकड़ों स्टूडेंट बुधवार शाम को सड़क पर उतर आए.

छात्रों का कहना था कि शिक्षकों को साजिश के तहत रेप केस में फंसाकर जेल भेजा गया है. इससे मेडिकल की तैयारी कर रहे सैकड़ों मेडिकल स्टूडेंट्स का कॅरियर प्रभावित हो रहा है. पुलिस छात्रों को समझाकर प्रदर्शन शांत कराने का प्रयास कर रही है.

शिक्षकों के जेल जाने से छात्रों का कॅरियर दांव पर लगा

कानपुर के काकादेव में नीट की तैयारी कराने वाले बायोलॉजी के शिक्षक साहिल सिद्दीकी और केमिस्ट्री के शिक्षक विकास पोरवाल पर रेप का आरोप लगाते हुए कल्याणपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी. कल्याणपुर पुलिस ने दोनों को अरेस्ट करके जेल भेज दिया था. दोनों शिक्षकों के जेल जाने के बाद इनसे पढ़ने वाले छात्र लाखों रुपए फीस जमा करने के बाद भी सड़क पर आ गए हैं. इससे आक्रोशित छात्र सड़क पर उतर आए. छात्रों ने वी वांट जस्टिस…साहिल सर और विकास सर को जेल से रिहा करो…के नारे लगाए.

सूचना पर काकादेव थाने की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची. छात्रों को समझाया कि छात्रा ने रेप के आरोप में दोनों शिक्षकों को जेल भेजा है. अगर आपको किसी मुद्दे पर अपनी बात रखनी है तो शांतिपूर्वक ज्ञापन दीजिए. इस तरह से विरोध प्रदर्शन ठीक नहीं है. इसके बाद से आक्रोशित छात्र शांत हुए। छात्रों का कहना था कि शिक्षकों के जेल जाने से उनका कॅरियर भी दांव पर लग गया है. उनकी फीस वापस होनी चाहिए या फिर दूसरी कोचिंग में एडजेस्टमेंट करना चाहिए.

एडिशनल सीपी बोले, विरोध प्रदर्शन करने वालों पर लेंगे एक्शन

एडिशनल पुलिस कमिश्नर हरीश चंदर ने बताया कि दोनों शिक्षक नाबालिग छात्रा से रेप केस में जेल गए हैं. दोनों शिक्षकों पर बेहद गंभीर आरोप है. अगर कोई साजिश के तहत उन्हें बचाने या फिर पूरे केस को डायवर्ट करने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. छात्रों को भी आरोपी शिक्षकों को लेकर अगर कोई अपनी बात रखनी है तो शांतिपूर्वक ज्ञापन देकर अपनी बात रख सकते हैं. अगर रेप के आरोपी शिक्षकों के लिए सड़क पर उतरे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. अगर इस हंगामे के पीछे कोई साजिश है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *