प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को पुलिस ने उठाया, लोक सेवा आयोग गेट पर की गयी बैर‍िकेडिंंग

Spread the love

प्रयागराज में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को गुरुवार सुबह पुलिस ने उठा दिया. ऐसे में एक बार फ‍िर छात्र और पुलिस के बीच नोकझोंक हो रही है. यही नहीं लोक सेवा आयोग के बाहर भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है. लोक सेवा आयोग के गेट के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है. आंदोलन कर रहे छात्रों को हटाया जा रहा है.  

अलिखेश यादव जा सकते हैं आंदोलन स्‍थल 

सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव आज प्रयागराज जा रहे हैं. वह फूलपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी रैली करेंगे. ऐसे में माना जा रहा है कि सपा अध्‍यक्ष अखिलेश यादव आंदोलन स्‍थल पर जा सकते हैं जहां छात्र प्रदर्शन्‍ कर रहे हैं.

सादी वर्दी में पहुंचे कुछ पुलिस वाले

प्रयागराज में पीसीएस और आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षाएं दो दिन आयोजित कर इन परीक्षाओं में मानकीकरण (नॉर्मलाइजेशन) लागू करने के खिलाफ उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के बाहर प्रतियोगी छात्रों का धरना लगातार चौथे दिन भी जारी है. गुरुवार सुबह सादी वर्दी में पहुंचे कुछ पुलिस वाले चार छात्रों को जबरन खींच ले गए. छात्र अभी भी धरने पर डटे हुए हैं. कई छात्राएं चोटिल हो गईं. तीसरे दिन भी छात्रों की मांग का कोई समाधान नहीं निकला. सोमवार 11 बजे से अब तक छात्रों के धरने के 66 घंटे बीत चुके हैं लेकिन गतिरोध टूटने की कोई उम्मीद दिखाई नहीं पड़ रही. जहां हजारों छात्र अपना भविष्य दांव पर लगाकर एक दिन परीक्षा कराने की मांग पर अड़े हुए हैं वहीं आयोग के अधिकारियों के रुख में भी नरमी नहीं आ रही है.

धरना स्थल को तीनों तरफ से सील

लोक सेवा आयोग के बाहर धरना स्थल को तीनों तरफ से सील कर दिया गया है ताकि कोई अंदर जाने ना पाए.

देर रात अफसर पहुंचे फिर लौटे खाली हाथ

तकरीबन 18 घंटे के अंतराल के बाद डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ अपने साथ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत और पुलिस कमिश्नर तरुण गाबा को लेकर लोक सेवा आयोग के गेट नंबर दो पर बुधवार रात तकरीबन 11 बजे फिर पहुंचे. डीएम ने तकरीबन आधा घंटा तक छात्रों को समझाने की कोशिश की. अधिकारियों ने कहा कि वार्ता से ही इस समस्या का समाधान निकलेगा. यदि छात्र आयोग की बात से सहमत नहीं हैं तो शासन स्तर पर वार्ता कराई जाएगी. बार-बार अनुरोध करते रहे कि प्रतिनिधिमंडल को लेकर आयोग में वार्ता करने के लिए आएं लेकिन छात्रों ने उनकी एक न सुनी. छात्रों की मांग है कि मानकीकरण हर हाल में वापस लिया जाए, जब तक इसकी नोटिस जारी नहीं होगा तब तक आंदोलन खत्म नहीं होगा. वहीं बुधवार रात भी बड़ी संख्या में छात्र आयोग के बाहर डटे रहे. उन्हें आशंका है कि संख्या कम होने पर यहां से उठा न दिया जाए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *