कानपुर के कर्नलगंज से एसटीएफ ने एक लाख के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए बदमाश की पहचान चतुर सिंह उर्फ चतुरभुज सिंह उर्फ त्रिभुवन सिंह उर्फ बाबा उर्फ कालिया के रूप में हुई है. वह सुपारी लेकर अपहरण करके हत्या करता था. उसके खिलाफ कानपुर और हमीरपुर में 13 केस दर्ज है. STF उससे पूछताछ कर रही है.
हमीरपुर में सुपारी लेकर हत्या की थी
कानपुर के एसटीएफ प्रभारी शैलेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि एसटीएफ कई दिनों से इनामी अपराधियों की धर पकड़ को लेकर अभियान चला रही है. हमीरपुर में सुपारी लेकर अपहरण कर हत्या के एक मामले में जलाला गांव घाटमपुर निवासी शातिर चतुर सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी. वह फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा हुई थी. इसके बाद से एसटीएफ इसके पीछे लगी थी.
मुरैना में दूसरी घटना को अंजाम देने वाला था
हमीरपुर में अपहऱण और हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी चतुर सिंह ने एक और कारोबारी की सुपारी ले ली थी और भिंड मुरैना के जंगलों में छुपकर दूसरी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा था. उसी दौरान एसटीएफ को इसकी लोकेशन के बारे में पता चला। इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह के मुताबिक वहां से एसटीएफ ने इसे ट्रेस करना शुरू किया और गुरुवार को लालईमली के पीछे वाली एक्सल रोड से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
दस लाख रुपए में की थी महिला की हत्या
एसटीएफ ने चतुर सिंह से पूछताछ की तो पता चला कि हमीरपुर के धर्मेन्द्र सिंह ने अपनी बहन अमन की हत्या के लिए आरोपी को दस लाख रुपए दिए थे. चतुर सिंह ने उसकी बहन और दोनों बच्चों का अपहरण कर लिया. अमन की हत्या कर उसके दोनों बच्चों को जंगल में फेंक दिया था। इसके अलावा उसने अपने द्वार किए गए अन्य अपराधों की जानकारी भी एसटीएफ को दी.
उसके पास से एक 315 बोर का तमंचा, दो 315 बोर के कारतूस, एक 315 बोर खोखा कारतूस, एक की पैड वाला मोबाइल फोन, 2100 रुपए कैश बरामद हुए हैं.
















Leave a Reply