कानपुर में चलते ऑटो से महिला के 15 लाख के जेवर उड़ाए, पुलिस मामला तक नहीं कर रही दर्ज

Spread the love

कानपुर में शातिर टप्पेबाज महिलाओं ने ऑटो में बैठी कानपुर देहात की महिला के 15 लाख के जेवरात पार कर दिया. महिला गुजैनी में ऑटो से उतरी तो बैग कटा हुआ था और पूरे जेवरात गायब थे. महिला ने मामले में गोविंद नगर थाने में तहरीर दी. पुलिस ने गुजैनी की बात कहकर टरका दिया. महिला गुजैनी थाने पहुंची तो उसे मामला कानपुर देहात का होने की बात कहकर टरकाया. फिलहाल 15 लाख के जेवर लुट जाने के बाद महिला थाने-चौकी के चक्कर काट रही है.

बैग काटकर उड़ाया था जेवर, सीमा विवाद के चलते पुलिस ने टरकाया

कानपुर देहात के नबीपुर में रहने वाली पूर्णिमा राय ने बताया कि उन्हें दुर्गा पूजा में शामिल होने के लिए बंगाल जाना है. उनका ससुराल बंगाल में ही है, लेकिन पति विप्लव राय नबीपुर में ही मेडिकल स्टोर चलाते हैं. उन्हें बंगाल में दुर्गा पूजा में शामिल होने जाना था.

इसके चलते घर के पूरे जेवरात लेकर गुजैनी थाना क्षेत्र के मेहरबान सिंह के पुरवा जा रही थीं. कानपुर देहात के नबीपुर चौराहा से गुजैनी के लिए ऑटो में बैठी थीं. पूर्णिमा राय ने बताया कि रास्ते में दो महिलाएं भी ऑटो में कानपुर आने के लिए सवार हुईं. ऑटो में बैठने के बाद महिलाएं उन्हें लगातार धक्का दे रही थीं.

इससे वह परेशान हुईं लेकिन समझ नहीं पाई और उनका ध्यान डायवर्ट करके बैग काटकर जेवरात भरी पोटली निकाल लिया. पूर्णिमा गुजैनी में उतरीं तो उन्हें बैग काफी हल्का लगा. उन्होंने हाथ लगाकर देखा तो बैग कटा हुआ था और उसमें रखे जेवरात गायब थे.

उन्होंने मामले की सूचना गुजैनी थाने में दी. गुजैनी पुलिस ने उन्हें गोविंद नगर थाने का मामला होने की बात कहकर टरका दिया. मामले की जानकारी मिलते ही बेटे विश्वजीत राय और भाई अरविंद भी पहुंच गए. पूर्णिमा को लेकर गोविंद नगर थाने पहुंचे. गोविंद नगर थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने कानपुर देहात की घटना होने की बात कहकर टरका दिया.

पुलिस ने नहीं सुनी तो महिला का परिवार खुद जांच में जुटा

महिला की किसी भी थाने ने तहरीर नहीं ली और रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए सोमवार को चक्कर काट रही है. पूर्णिमा ने बताया कि पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है. वह अपने बेटे और भाई के साथ सोमवार को खुद बाराजोड़ सीएनजी पंप पर पहुंची, जहां से दोनों महिलाएं ऑटो में सवार हुई थीं. इसके बाद खुद ही परिवार के साथ ऑटो चालक की तलाश में लगी हुई हैं.

वहीं, मामले में एडीसीपी सउथ महेश कुमार ने बताया कि अगर किसी महिला के साथ टप्पेबाजी हुई है तो उन्हें तहरीर दे. जांच के बाद मामले में संबंधित थाने को एफआईआर दर्ज करने के लिए निर्देशित किया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *