कानपुर पुलिस कमिश्नर दफ्तर में शुक्रवार दोपहर दंपति ने पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया. वहां मौजूद पुलिस कर्मियों दंपति को पेट्रोल डालने की कोशिश करते ही दबोच लिया. इस दौरान दंपति ने बताया कि गुंडों ने दिन दहाड़े उनकी बेटी को अगवा कर लिया है.
उन्हें आशंका है कि बेटी को किडनैप करने के बाद मर्डर कर दिया गया है.पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के बाद छोड़ दिया. बिल्हौर थाने सुनवाई ना होने के चलते ये कदम उठाया.
पुलिस के सुनवाई नहीं करने पर दंपति ने उठाया कदम
मान निवादा उत्तरीपुरा बिल्हौर के रहने वाले राकेश दुबे ने बताया कि उनकी बेटी 31 अगस्त 2024 को बिल्हौर के खेरेश्वर मंदिर के सरैया घाट पर दीपदान करने गई थी. इसके बाद उनकी बेटी लापता हो गई. उन्होंने बिल्हौर थाने में इसकी गुमशुदगी दर्ज कराई. पुलिस ने मंदिर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो उनकी बेटी मंदिर से निकलने के बाद ई-रिक्शा से जाते हुए देखी गई. ई-रिक्शा का पीछा एक काली स्कॉर्पियो कर रही थी.
आरोपियों को पकड़ा फिर छोड़ दिया
आरोप है कि स्कॉर्पियो सवार बदमाशों ने उनकी बेटी को तीन महीने पहले किडनैप करने के बाद मर्डर कर दिया है. बिल्हौर पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा और पूछताछ करने के बाद साठगांठ करके छोड़ दिया. थाने से लेकर एसपी और डीसीपी दफ्तर के बाद पुलिस कमिश्नर ऑफिस में एप्लीकेशन की लेकिन कोई सुनवाई नहीं कर रहा है. इसी वजह से आज शुक्रवार को दंपति ने पुलिस कमिश्नर दफ्तर में आत्मदाह करके जान देने का प्रयास किया.
मामले में जांच बैठा दी गयी
पुलिस ने दंपति को दबोचने के बाद उन्हें समझाया और अफसरों के सामने पेश किया. पुलिस कमिश्नर को पूरे मामले की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस कमिश्नर अखिल कुमार ने मामले में जांच बैठा दी है. थानेदार से युवती के गुमशुदगी को लेकर पूरी आख्या तलब की है. संबंधित एसीपी को मामले में की जांच का आदेश दिया है.
















Leave a Reply