यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र कल से, हंगामे के आसार, योगी ने की सर्वदलीय बैठक

Spread the love

यूपी विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार से शुरू होगा। बेहद छोटे सत्र के दौरान जोरदार हंगामे के प्रबल आसार हैं. संभल की घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) के अलावा कांग्रेस द्वारा सरकार को घेरने की संभावना है. भ्रष्टाचार, स्वास्थ्य सेवायें और किसानो के मुद्दे को लेकर विपक्ष की मंशा सरकार पर प्रहार करने की होगी वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शीतकालीन सत्र से पहले रविवार को राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक की.

विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की मौजूदगी में हुई बैठक में योगी ने कहा कि सदन में स्वस्थ चर्चा से प्रदेश का विकास और जनता की समस्याओं का समाधान होता है. हम सभी जनप्रतिनिधि हैं, हमें जनता के मुद्दों, उनकी समस्याओं को लेकर सदन में सुचारू रूप से चर्चा करनी चाहिए. मुख्यमंत्री व विधानसभा ने सदन के कुशल संचालन के लिए सभी दलों का सहयोग मांगा.

सीएम योगी ने सर्वदलीय बैठक में कहा कि सदन सार्थक चर्चा का माध्यम होता है. इससे ही प्रदेश के विकास कार्यों को रफ्तार मिलती है। साथ ही समस्याओं का समाधान होता है. सदन के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो, सभी को इसका ध्यान रखना चाहिये. सदन को ज्यादा से ज्यादा समय तक संचालित किया जाए, इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है. योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के विकास में योगदान देने के लिए सभी दलों के नेताओं को भी प्रयास करने चाहिए.

इस अवसर पर वित्त व संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, कैबिनेट मंत्री संजय निषाद, कांग्रेस विधायक अनुराधा मिश्रा मोना, जनसत्ता दल के रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया, अनिल त्रिपाठी आदि मौजूद रहे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *