कानपुर में ‘श्री राम’ लिखी ईंट से बनवाई जा रही नाली को लेकर हंगामा, पुलिस पहुंची; निर्माण हुआ बंद

Spread the love

कानपुर में बिठूर थाने के टिकरा गांव का माहौल तब खराब हो गया जब श्रीराम लिखी ईंट से नाली निर्माण का कार्य शुरू हुआ. ग्रामीणों ने इस पर हंगामा किया. सूचना पर बिठूर थाने की टिकरा चौकी से फोर्स मौके पर पहुंची. हंगामा बढ़ता देख ग्राम प्रधान को भी मौके पर बुलाया गया. ग्राम प्रधान ने पुलिस को जानकारी दी कि जिस ब्रिक फील्ड को ईंट का ऑर्डर दिया गया था. ईंट पर क्या नाम छापकर भेजेगा इसके बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं थी. पुलिस ने समझा बुझाकर किसी तरह से मामला शांत कराया.

इंस्पेक्टर बिठूर के मुताबिक मामले में किसी प्रकार की तहरीर नहीं आई है. ग्राम प्रधान ने सारी ईंटें हटवा ली है.

बिठूर के डंबरपुरवा गांव में नाली का निर्माण कराया जा रहा है. सोमवार की रात को ग्रामीणों की नजर नाली बनवाई जाने वाली ईंट पर पड़ी. ईंट पर श्रीराम लिखा हुआ था. इस पर ग्रामीण गुस्सा गए. गांव में रहने वाले राकेश का कहना था कि जिस नाली से गंदा व सीवर का पानी निकलता है.

उसमें श्री राम लिखी ईंट लगाने पर लोगों की भावनाएं आहत होती है. ईंट को लेकर तेजी से बात पूरे गांव में फैल गई. ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हुए और हंगामा शुरू हो गया. काम कराने वाले ठेकेदार को ग्रामीणों ने काम करने से रोक दिया और जय श्री राम के नारे लगाने लगे.

ठेकेदार मिस्त्री लेबर लेकर भागा

नाली बनवा रहे ठेकेदार की पहले तो ग्रामीणों से बहस हुई. उसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता देख ठेकेदार मिस्त्री और लेबर लेकर भाग गया. उसने ग्राम प्रधान को फोन कर मामले की जानकारी दी. तब जहां पर नाली बन रही थी. वहां पर ग्रामीण काफी संख्या में इकट्ठा हो गए. उसी में से किसी ने पुलिस को फोन कर सूचित कर दिया.

मुझे नहीं मालूम था कि ईंट पर क्या नाम अंकित है

इंस्पेक्टर बिठूर प्रेम नारायण विश्वकर्मा ने बताया कि हंगामे के दौरान ग्राम प्रधान को मौके पर बुलाकर पूछताछ की गई थी. उन्होंने कहा कि नाली बनवाने के लिए उन्होंने ब्रिक फील्ड को ऑर्डर दिया था. अब उस ईंट पर क्या नाम अंकित होकर आएगा इसका उन्हें आभास नहीं था.

पुलिस ने उन्हें तत्काल नाली से ईंट को हटवाने के लिए कहा गया जिस पर ग्राम प्रधान मान गई और उन्होंने तत्काल वहां से ईंट हटवा दी जिसके बाद मामला शांत हो गया। इंस्पेक्टर के मुताबिक मामले में अब तक कोई तहरीर नहीं हुई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *