कानपुर में भाजपा जिलाध्यक्ष के नामांकन में हंगामा, चुनाव प्रभारी को थमाया जूते का बुके

Spread the love

भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष पद को लेकर पार्टी में आज से नामांकन शुरू हो गए हैं. नामांकन शुरू होने के आधे घंटे बाद ही भाजपा कार्यकर्ताओं ने गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया. भाजपा उत्तर कार्यालय में चुनाव प्रभारी संगम लाल गुप्ता के सामने ही भाजपाई नारेबाजी करने लगे. यही नहीं उन्होंने चुनाव प्रभारी को जूते वाला बुके भी थमा दिया.

.हंगामा करने वाले पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी ने कहा कि पार्टी में चुनाव प्रक्रिया का ठीक से पालन नहीं किया जा रहा है. जो जिस पद के लिए आवेदन कर रहा है, उसके विपरीत उसे जबरन दूसरा पद दे दिया जा रहा है. हम लोगों ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था लेकिन जिला प्रतिनिधि बना दिया गया. हंगामा बढ़ता देख सीनियर नेताओं ने उन्हें समझाया तब जाकर वे शांत हुए.

दलित का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाए

रविवार को जिलाध्यक्ष चुनाव को लेकर चुनाव प्रभारी पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता पार्टी कार्यालय पहुंचे. इसकी सूचना मिलते ही कर्नलगंज मंडल के कार्यकर्ता ज्योति वाल्मिकी, नीरज सोनकर पूर्व मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत द्विवेदी समेत दर्जनों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पहुंच गए. इसके बाद नारेबाजी करने लगे। पार्टी कार्यकर्ताओं ने दलित का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाए. हंगामा होते ही पार्टी के नेताओं ने कार्यकर्ताओं को समझाना शुरू किया. इसके बाद कार्यकर्ता वापस लौट गए.

भाजपा पार्षद बोले- जाति के आधार पर भेदभाव

कानपुर वार्ड-1 दलित बाहुल्य लक्ष्मीपुरवा से भाजपा पार्षद विकास साहू ने बताया कि भाजपा में जाति के आधार पर भेदभाव किया जा रहा है. 5 बार रहे चुके मंडल अध्यक्ष और उम्र में अधिक रमाशंकर अग्रहरि को मंडल अध्यक्ष बना दिया गया. जाति बाहुल्य क्षेत्रों में उसी के आधार पर मंडल अध्यक्ष बनाया गया लेकिन दलित बाहुल्य क्षेत्र में ही भेदभाव किया गया.

ज्योति बाल्मिकी ने सोशल मीडिया पर किया विरोध

कानपुर समेत पूरे प्रदेश में भाजपा मंडल अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्ष तक के चुनाव चल रहे हैं. 9 जनवरी को कानपुर भाजपा उत्तर जिले के मंडल अध्यक्षों और जिला प्रतिनिधि की लिस्ट जारी की गई थी. भाजपा सूत्रों के मुताबिक चंचल भदौरिया, प्रशांत पाल, वात्सेय त्रिपाठी, मनीष अवस्थी, ज्योति बाल्मिकी पहले मंडल अध्यक्ष और शिवगोपाल सिंह मंडल महामंत्री थे। सभी ने मंडल अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था जबकि जिला प्रतिनिधि पद के लिए अलग आवेदन लिए गए थे. इन नेताओं का आरोप है कि उन्हें आवेदन के विपरित अलग पद थमा दिए गए.

पार्टी की मंडल अध्यक्ष रही ज्योति बाल्मिकी ने इसका विरोध खुलकर सोशल मीडिया किया है. ज्योति बाल्मिकी ने बताया कि उन्होंने मंडल अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया था. बिना आवेदन ही उन्हें जिला प्रतिनिधि बना दिया गया. ये संगठन की कैसी माया है. चारों तरफ सिर्फ कार्यकर्ताओं को बहकाया जा रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *