रील बनाने के चक्कर में कानपुर के ड्योढ़ी घाट में डूबे 4 नशेबाज युवक, एक को बचाने में चारों डूबे

Spread the love

कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के ड्योढ़ी घाट के पास शुक्रवार शाम को होली खेलने के बाद छह दोस्त गंगा नहाने गए जहां पर चार युवक दोस्त डूब गए. सूचना पाकर मौके पर पुलिस समेत एनडीआरएफ की टीम डूबे युवकों की तलाश करने में जुटी है.

नीरज उर्फ महेंद्र बना रहा था रील डूबा तो बचाने में तीन ओर डूब गए

बचने वाले दोस्त राजकुमार यादव ने बताया कि नहाते समय नीरज मोबाइल से रील बना रहा था. इसी दौरान नीरज गहरे पानी में चला गया. उसे बचाने के लिए सुमित गया फिर राहुल और प्रियांशु भी गया तो सब के सब डूबने लगे. पास में बकरी चरा रही एक महिला ने साड़ी से बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली जिसके बाद हमने पुलिस को सूचना दी है. हालांकि बचने वाले दोनो दोस्तों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था.

बाइक से पहुंचे सुनसान घाट, गहरे में उतरने से डूबे

पुलिस के अनुसार शुक्रवार शाम सभी दोस्त बाइकों से महाराजपुर के ड्योढ़ीघाट के बगल में वाले सिलवासा घाट पहुंचे थे. सभी ने पहले शराब पी इसके बाद गंगा नहाने लगे. नहाने के दौरान महेंद्र उर्फ नीरज मोबाइल से रील बना रहा था.रील बनाने के दौरान ही वह गहराई में जाकर डूबने लगा.

महेंद्र को डूबता देख राहुल , सुमित और प्रियांशु उसको बचाने में एक – एक कर आगे बढ़ते गए और गहराई में फंसकर डूबते चले गए. क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि इस घाट पर आमतौर पर कोई स्नान नहीं करता. यहां गंगा की गहराई बहुत अधिक है. यही कारण है कि अधिक गहराई होने से अभी तक किसी भी युवक का पता नहीं चल सका है.

थाना प्रभारी ने बताया कि युवकों की तलाश की जा रही है. साथ ही उनके परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *