कानपुर में 5 साल बच्ची से रेप:15 घंटे बाद भी होश नहीं आया, जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही मासूम

Spread the love

कानपुर के घाटमपुर में 5 साल की बच्ची से दरिंदगी का मामला सामने आया है. पड़ोस में रहने वाले युवक ने दुकान जा रही बच्ची को उठा लिया. कुछ दूरी पर बनी मजार के पीछे ले जाकर रेप किया. बच्ची चीखी तो उसके मुंह में पत्ते और मिट्‌टी भर दी. मामला खुलने के डर से बच्ची के सिर पर ताबड़तोड़ ईंट मारकर हत्या की कोशिश की गयी.

बच्ची की तलाश करते हुए मां बाहर आई तो उसे बच्ची खून से सनी हालत में मिली. इस दौरान आरोपी भी बच्ची के सामने खड़ा था. बच्ची ने मां को इशारा करते हुए आरोपी को दिखाया. फिर बेहोश हो गई, बच्ची की हालत देखकर परिवार और गांव में चीख-पुकार मच गई.

बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल में एडमिट कराया गया है. जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. उसे 13 घंटे से होश नहीं आया है. दूसरी तरफ आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके पुलिस तलाश में जुटी है.

मजार के पीछे इसी जगह पर बच्ची के साथ दरिंदगी की गई.

बच्ची चीखी तो आरोपी खुद ही उसे उठाकर लाया और फिर वहां से भागा: घाटमपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले ई-रिक्शा मैकेनिक ने बताया- उसके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं. बड़ा बेटा 7 साल का और छोटी बेटी 5 साल की है, यूकेजी में पढ़ती है. पिता ने बताया कि मंगलवार शाम 5.30 बजे छोटी बेटी कुछ सामान खरीदने परचून की दुकान पर जा रही थी. करीब 15 मिनट बाद बेटी नहीं लौटी तो मेरी पत्नी बेटी को देखने के लिए घर से बाहर निकली. घर के पास स्थित दुकान पर देखा तो बेटी नहीं थी. दुकानदार ने बताया कि वो दुकान पर नहीं आई थी.

इसके बाद पत्नी मोहल्ले की ही दूसरी दुकान पर बच्ची को देखने जा रही थी. शाम करीब 6 बज रहे थे, तभी गांव का कल्लू दिखा. पत्नी ने कल्लू से बच्ची के बारे में पूछा. कल्लू के हाथ-पैर में मिट्‌टी लगी थी और वह दहशत में तेजी से हाथ-पैर धो रहा था, उसने पहले तो साफ-साफ मना कर दिया कि उसने बच्ची को नहीं देखा है. इसके बाद पत्नी बच्ची को ढूंढ ही रही थी, तभी मेरी बेटी चीखने लगी तो कल्लू खुद ही दौड़ कर मजार के पीछे गया और बच्ची को उठाकर लाया.

फोरेंसिक टीम ने दरिंदगी वाली जगह से सबूत जुटाए हैं. यहां काफी ब्लड पड़ा था.

मां को इशारा करते हुए अचेत हो गई बच्ची: मासूम की मां ने बेटी की हालत देखकर बदहवास हो गई. सिर और पूरा चेहरा खून से सना था. मुंह में मिट्‌टी और पत्ते भरे थे. शरीर के पूरे कपड़े अस्त-व्यस्त थे। प्राइवेट पार्ट से भी खून निकल रहा था. मां समझ गई कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है. बच्ची कुछ कहना चाह रही थी, लेकिन मां को कल्लू की तरफ इशारा करते हुए अचेत हो गई.

मां ने बेटी को सीने से लगा लिया और मोहल्ले के लोगों के साथ पहले CHC पहुंची और प्राथमिक उपचार कराया. डॉक्टरों ने बच्ची की हालत को देखते हुए हैलट हॉस्पिटल के लिए रेफर कर दिया. इस दौरान बच्ची के पिता भी CHC पहुंच गए.

बच्ची को परिवार के लोग वहां से एक निजी अस्पताल में रेफर करा लिया. इधर, देर रात घाटमपुर पुलिस को मामले की जानकारी हुई तो आरोपी फरार हो चुका था. पुलिस ने गंभीर हालत में बच्ची को हैलट रेफर कराया. ग्रीन कॉरिडोर बनाकर बच्ची को हैलेट अस्पताल भेजा गया . हॉस्पिटल में बच्ची को ICU में रखा गया है. मंगलवार शाम करीब 6 बजे की वारदात है. बुधवार सुबह 7 बजे तक यानी 13 घंटे बाद भी बच्ची को होश नहीं आया. डॉक्टरों की एक टीम बच्ची का इलाज कर रही है.

बेहोशी की हालत में बच्ची को हैलट की इमरजेंसी लाया गया. यहां ICU में इलाज चल रहा है.

बच्ची के साथ हैवानियत के बाद मां बदहवास: बेटी के साथ हैवानियत का मामला सामने आने के बाद से मां बदहवास है. मां इतना परेशान थीं कि उनकी मुंह से आवाज तक नहीं निकल रही थी. कुछ भी कहने में असमर्थ थीं, सिर्फ उनकी आंखों से आंसू की धार बह रही थी. उन्होंने बहुत हिम्मत करके पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी.

मां ने बताया- बेटी नहीं लौटी तो 10 मिनट बाद ही बेटे को उसे देखने के लिए भेजा. इसके बाद भी बेटी नहीं मिली तो उसकी तलाश में घर से बाहर निकले. बच्ची को तलाश ही रही थीं कि मोहल्ले का कल्लू उसे खुद सैय्यद बाबा की मजार की पीछे से लेकर आया था जबकि चंद मिनट पहले ही उसने मना किया था कि बच्ची को देखा नहीं है. मजार के पीछे जहां पर बच्ची मिली, वहां पर खून से सनी हुई ईंट और 25 रुपए बिखरे पड़े थे. यही रुपए लेकर बच्ची घर का सामान लेने के लिए बाहर निकली थी.

आरोपी की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगीं: DCP साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया- बच्ची का हैलट के बाल रोग विभाग में इलाज चल रहा है. हालत गंभीर होने के चलते उसे ICU में रखा गया है. डॉक्टर बच्ची का हेल्थ बुलेटिन जारी करेंगे, लेकिन उसे सुबह तक होश नहीं आया है. आरोपी के खिलाफ बच्ची से दुष्कर्म, हत्या का प्रयास और पॉक्सो एक्ट की धारा में घाटमपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. आरोपी की तलाश में पुलिस की चार टीमों को लगाया गया है. जल्द ही आरोपी को अरेस्ट करके जेल भेजा जाएगा. डीसीपी ने बताया कि आरोपी मोबाइल नहीं रखता था, इस वजह से उसे ट्रेस करने में सबसे ज्यादा परेशानी आ रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *