कानपुर के घाटमपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां पुलिस ने पंचनामा भरकर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. दूसरे दिन वही युवक घाटमपुर थाने पहुंचकर बोला- साहब! मैं जिंदा हूं, मेरा पोस्टमॉर्टम रुकवाइए. यह सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी दंग रह गए.
युवक के जिंदा होने की खबर जैसे ही उसके परिजनों को मिली, उनकी खुशी का ठिकाना न रहा. अब पुलिस लावारिस शव की दोबारा शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. मामला घाटमपुर थाना क्षेत्र का है.

ब्लैक शर्ट में अजय संख्वार हैं, जिसने पोस्टमॉर्टम से पहले थाने पहुंचकर अपने जिंदा होने का सबूत दिया.
कानपुर देहात के ईदुरुख निवासी अजय संख्वार पुत्र मथुरा प्रसाद ने शुक्रवार दोपहर घाटमपुर थाने पहुंचा. यहां पुलिस को पूरी कहानी सुनाई. उसने बताया- मैं भीतरगांव कस्बा स्थित एक ईंट भट्ठे में मजदूरी करता हूं. मेरे पास फोन नहीं है. मैं हफ्ते में एक-दो बार किसी न किसी के मोबाइल से घर पर बात करता है. आज सुबह ईंट भट्ठे पर पुलिस पहुंची. वो लोग मेरे बारे में लोगों से पूछ रहे थे. तब तक मैं पहुंच गया. मुझे देखते ही पुलिस वाले बोले- अरे ये तो जिंदा है.
तब मैंने पूछा, क्या हुआ साहब। इस पर उन्होंने बताया- तुम्हारी बहन ने एक लावारिस शव की शिनाख्त तुम्हारे रूप में की है. जिसके बाद शव को घाटमपुर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा था. तुम घाटमपुर थाने पहुंचकर अपने जिंदा होने की बात बताओ. नहीं तो कागजों में तुम मृत घोषित हो जाओगे. यह सुनते ही युवक परेशान हो गया. इसके बाद युवक ने थाने पहुंचकर खुद के जिंदा होने का प्रमाण दिया है.

ये अजय संख्वार की बहन सुमन है जिसने लावारिश शव की शिनाख्त की थी.
बहन ने की थी शव की शिनाख्त: घाटमपुर नगर स्थित मुख्य चौराहे पर गुरुवार दोपहर एक युवक का शव पड़ा मिला. काफी देर बाद भी युवक के शव की शिनाख्त नहीं हुई, तो पुलिस ने वॉट्सएप ग्रुपों पर लावारिस शव की फोटो वायरल कर दी. देर शाम घाटमपुर थाने पहुंचकर बहन सुमन ने शव की शिनाख्त अपने भाई अजय संख्वार के रूप में की. सुमन ने बताया- इस शव का चेहरा हूबहू मेरे भाई की तरह मिलता है. मृत युवक लाल रंग की शर्ट और काले रंग की पैंट पहने था. मेरे भाई के पास भी इस रंग के कपड़े हैं. तभी मैंने पहचाना. फिर परिजनों की शिकायत पर घाटमपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. शुक्रवार को कानपुर के पोस्टमॉर्टम हाउस में युवक के शव का पोस्टमॉर्टम होना था लेकिन तब तक युवक खुद को जिंदा साबित करने के लिए घाटमपुर थाने पहुंच गया.
दोबारा शिनाख्त की कोशिश: एसीपी बोले- दोबारा शिनाख्त की कोशिश कर रहे. घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव ने बताया- मुख्य चौराहे पर एक युवक का लावारिस शव पड़ा मिला था. परिजनों ने शव की शिनाख्त अजय संख्वार के रूप में की थी. इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया था. हालांकि युवक ने खुद थाने पहुंचकर जिंदा होने की बात बताई है. इसके बाद पुलिस शव का पोस्टमॉर्टम रुकवाकर लावारिस शव की दोबारा शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है.
















Leave a Reply