अमेठी में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पिकअप के पीछे से एम्बुलेंस जा टकराई. हादसे में एम्बुलेंस सवार 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर है. बेटा दो रिश्तेदारों के साथ एम्बुलेंस से पिता का शव लेकर हरियाणा से बिहार जा रहा था.
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई. राहगीर और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. देखा तो लोग एम्बुलेंस में फंसे हुए थे. उन्होंने किसी तरह से 4 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठा शख्स फंसा रह गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस बुरी तरह डैमेज हो गई.
20 मिनट तक तड़पते रहे: ड्राइवर और आगे की सीट पर बैठा व्यक्ति करीब 20 मिनट तक तड़पते रहे. सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और यूपीडा की टीम ने दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी. बाकी 4 लोगों को पुलिस ने पास के CHC में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 3 और लोगों की मौत हो गई. हादसा एक्सप्रेसवे पर माइल स्टोन संख्या 59.70 के पास हुआ.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि एम्बुलेंस बुरी तरह डैमेज हो गई.
एम्बुलेंस सवार लोग हरियाणा से शव लेकर बिहार जा रहे थे. पिता का शव लेकर जा रहा था बेटा हादसे में मरने वालों की पहचान राजकुमार शर्मा, रवि शर्मा, फुलो शर्मा समस्तीपुर बिहार और एम्बुलेंस चालक सरफराज व सहयोगी आबिद निवासी हरियाणा के रूप में हुई है. इस घटना में शम्भू राय समस्तीपुर बिहार घायल हो गए हैं. राजकुमार अपने पिता अशोक कुमार का शव लेकर बिहार जा रहे थे. साथ में अन्य दो उनके रिश्तेदार थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 4 लोगों को हम लोगों ने बाहर निकाला। दो लोग एम्बुलेंस में बुरी तरह फंसे थे,दर्द से कराह रहे थे, लेकिन गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह से पिचक चुका था, जिससे उन्हें निकालना बेहद मुश्किल हो गया था. राहगीरों ने काफी कोशिश की, जब वे सफल नहीं हो पाए तो तुरंत पुलिस और यूपीडा की टीम को सूचना दी. इसके बाद दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया.

ड्राइवर और उसके साथ बैठा व्यक्ति बुरी तरह फंस गया था. करीब 20 मिनट तक दोनों तड़पते रहे.
पिकअप चालक विजय सिंह ने बताया- मैं अपनी गाड़ी का पंचर बनाकर जैसे ही बढ़ा, पीछे से एम्बुलेंस ने आकर जोरदार टक्कर मार दी. पिकअप चालक मछली लेकर सिलिगुडी जा रहा था. फतेहपुर निवासी विजय सिंह मछली से भरी पिकअप को कानपुर से सिलिगुडी ले जा रहे थे. रास्ते में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गाड़ी का टायर पंचर हो गया, जिसे वह साइड में खड़ी कर पंचर बनवा रहे थे. जैसे ही उन्होंने पिकअप स्टार्ट की, पीछे से करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही एम्बुलेंस अनियंत्रित होकर पिकअप में जा घुसी.
टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी: डीएम संजय चौहान ने बताया कि सीएम योगी ने हादसे पर दुख व्यक्त किया है. प्रशासन ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मुसाफिरखाना तहसील में एक टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जिस पर परिजन संपर्क कर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को पूरी सहायता दी जाएगी.















Leave a Reply