कानपुर में सर्राफ पर फायरिंग करने वाले का एनकाउंटर: पैर पर पड़ी गोली, पचास लाख की मांगी थी रंगदारी

Spread the love

कानपुर में गोविंद नगर निवासी सर्राफ कारोबारी पर गोली चलाने व फोन पर पचास लाख की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों से मंगलवार को पुलिस की मुठभेड़ हुई. शातिरों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया. इस पर पुलिस ने जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश के पैर पर गोली लग गई.

डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी ने बताया कि इस घटना के बाद एफआईआर दर्ज करने के साथ खुलासे के लिए चार टीमों का गठन किया गया था जिसमें क्राइम ब्रांच मुख्यालय, दक्षिण जोन की क्राइम ब्रांच, सर्विलांस टीम और गोविंद नगर पुलिस टीम शामिल थी.

घटनास्थल को देखते डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी व अन्य.

डीसीपी के मुताबिक 10 जून 2025 को आरोपियों द्वारा फिर से कॉल कर पैसे की मांग की गई थी जिसके बाद 17 जून की देर रात क्राइम ब्रांच एवं गोविंद नगर पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि घटना में शामिल आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस टीमों द्वारा घेराबंदी एवं चेकिंग शुरू की, तभी दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर आते दिखे. पुलिस द्वारा उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, जिस पर आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी एवं भागने लगे. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की जिसमें एक आरोपी को पैर में गोली लगी. वह घायल होकर बाइक से गिर पड़ा जबकि साथी मौके से फरार हो गया. पकड़े गए आरोपी की शिनाख्त आनंद नगर रावतपुर निवासी अनुज तिवारी के तौर पर हुई है.

जहां हाफ एनकाउंटर हुआ वहां पर पुलिस ने बनाया रिमार्क

बाइक में पीछे बैठा था अनुज और छोटू चला रहा था गाड़ी: घटना वाली रात बाइक को अनुज का साथी छोटू चला रहा था जो फरार है. अनुज पीछे बैठा था और कारोबारी पर घर के बाहर उसी ने फायरिंग की थी. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार किया है। एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले के चोरी आदि घटनाओं के मामले में दर्ज है और अपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है.

सिर्फ ऐसे ही बोर्ड पर नम्बर देखा और लगा दी कॉल: अब तक की पूछताछ में आरोपी अनुज ने जानकारी दी है कि वो और उसके साथी ने कारोबारी की बिल्हौर वाली दुकान देखी थी जो उसने बहुत भव्य बनाई है. उसी के बोर्ड पर कारोबारी ने अपना मोबाइल नम्बर दिया हुआ था. वो नम्बर आरोपियों ने नोट कर लिया था। रंगदारी के लिए तीन चार बार फोन मिलाया मगर कारोबारी ने फोन नहीं उठाया.

पीछा किया घर पहुंचे और कर दी फायरिंग: अनुज ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि फोन न उठने पर उसने अपने साथी के साथ अनिल का पीछा किया. उसके घर तक पहुंचे और वहां पर उसपर फायरिंग की. अनिल को समझ नहीं आया कि उनपर फायरिंग हुई है. उसके बाद आगे जाकर बाइक रोकी और उसे कॉल किया जिसमें आरोपी ने कहा कि धमाका हमने करवाया है. एडीसीपी साउथ के मुताबिक अभी कई बिन्दुओं पर पूछताछ शेष रह गई है. अस्पताल से इलाज हो जाने के बाद एक बार फिर आरोपी से पूछताछ की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *