पीलीभीत नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी के कार्यालय में अस्थाई रूप से चल रहे समाजवादी पार्टी के कार्यालय को गुरुवार सुबह 10 बजे प्रशासन एवं पुलिस की टीम ने अपने कब्जे में ले लिया. समाजवादी पार्टी के बंद कार्यालय पर प्रशासन की ओर से अपना ताला डलवा दिया गया. इसके अलावा समाजवादी पार्टी के दीवारों पर लगे स्लोगन को पुतवा दिया गया. इस दौरान पहले तो समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए. दूर खड़े होकर देखते रहे. कार्यालय में ताला पड़ने के बाद औपचारिक रूप से नक्तादाना चौराहे पर विरोध करने के लिए आए जिस पर पुलिस से उनकी तीखी नोंकझोंक हुई.
लगभग 10 मिनट तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों को पुलिस ने पुलिस लाइन में भिजवा दिया. इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर, नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विजय कुमार,सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी समेत भारी संख्या में पुलिस और पीएसी के जवान तैनात रहे. गिरफ्तारी देने वालों में समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा, युसूफ कादरी, नफीस अंसारी,नरेंद्र मिश्रा कट्टर,शलभ सक्सेना समेत चंद सपाई मौजूद रहे.
आपको बात दें कि शहर के नकटादाना चौराहा पर नगर पालिका के ईओ के आवास में वर्ष 2006 में नगर पालिका की ओर से समाजवादी पार्टी को कार्यालय के लिए आस्थायी रूप से आवंटित किया गया था. वर्ष 2020 में आवंटन का कार्यकाल समाप्त हो गया लेकिन इसके बाद भी कार्यालय संचालित किया जाता रहा. एक माह पूर्व कार्यालय को खाली कराने को लेकर पालिका प्रशासन की ओर से कवायद शुरू की गई थी. सात जून को पालिका के अधिशासी अधिकारी संजीव कुमार की ओर से सपा कार्यालय के बाहर नोटिस चस्पा कर 10 जून को कार्यालय खाली कराने की बात कही गई थी. 10 जून को सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर और सीओ सिटी भारी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ कार्यालय खाली कराने पहुंचे थे. इस दौरान सपाईयों से पुलिस और प्रशासनिक अफसरों की नोंकझोंक भी हुई थी. ्अंत में सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने जिलाधिकारी से वार्ता कर छह दिन का समय मांगा था। जिस पर अफसरों ने छह दिन का समय देते हुए पुलिस फोर्स वापस हो गई थी.
छह दिन की मियाद 16 जून को पूरी हो गई है. अब नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी की ओर से 17 जून को समाजवादी पार्टी के कार्यालय पर नोटिस चस्पा कर दिया गया जिसमें बुधवार सुबह 10 बजे कार्यालय खाली करने की बात कही गई है. नोटिस चस्पा होने के बाद सपा जिलाध्यक्ष जगदेव सिंह जग्गा ने पत्र के माध्यम से जवाब देते हुए हिदायत दी है कि मामला कोर्ट में विचाराधीन है. इसीलिए कार्यालय खाली नहीं कराया जा सकता है.















Leave a Reply