‘आज मुझसे बसंती मिलने आईं हैं, अब मुझे तांगा में घुमाने ले जाएंगी.’
मथुरा में बुधवार को आश्रय सदन कृष्णा कुटीर की महिलाओं ने जब हेमा मालिनी को अपने बीच देखा, तो उन्होंने कुछ इसी अंदाज में उनका स्वागत किया। हेमा मालिनी ठहाके लगाकर हंसने लगीं.
महिलाओं ने हेमा मालिनी से पूछा- आजकल धर्मेंद्र जी, कहां हैं. आप उन्हें लेकर क्यों नहीं आईं. अगली बार जब आप मथुरा आएं, तो धर्मेंद्र जी को जरूर साथ लाएं. हेमा मालिनी ने महिलाओं से गले मिलकर राधे-राधे कहा. महिलाओं ने कहा कि आपको टीवी पर देखते थे, आज राधा रानी की कृपा से सामने से देख लिया.

बुजुर्ग महिला ने हेमा मालिनी को गले लगा लिया। कहा, आपसे मिलकर बहुत अच्छा लगा.
गोल्फ कार्ट की शुरुआत करने पहुंची थीं हेमा मालिनी: कृष्णा कुटीर में 380 निराश्रित और बेसहारा महिलाएं हैं. इन महिलाओं को मंदिरों के दर्शन कराने के लिए इंडियन ओवरसीज बैंक की राजीव भवन ब्रांच ने अपने CSR फंड से एक 16 शीटर गोल्फ कार्ट दी है.
इसी गोल्फ कार्ट का शुभारंभ करने सांसद हेमा मालिनी, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह कृष्णा कुटीर पहुंचे थे. 11 लाख रुपए की इस गोल्फ कार्ट का हेमा मालिनी ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया.
ताली बजाई, आंखों में ले आईं आंसू हेमा: कृष्णा कुटीर में हेमा मालिनी ने सभी महिलाओं से मुलाकात की, तो माहौल ही अलग हो गया. ताली बजाकर स्वागत किया। फिर गले लगाया.
इस दौरान एक महिला की आंखों में आंसू आ गए, जिसे हेमा मालिनी ने अपने गले लगाया. हंसी-मजाक करते हुए माहौल को हल्का किया. इसके बाद महिलाओं ने निवेदन करते हुए कहा, वह धर्मेंद्र जी को यहां लाएं. इस पर हेमा मालिनी ने उनको आश्वस्त किया कि जल्द ही वह धर्मेंद्र जी को उनके बीच लेकर आएंगी.
महिलाओं से उनका हालचाल जाना: उनसे पूछा कि उनको रहने, खाने पीने में कोई दिक्कत तो नहीं है. डॉक्टर समय से देखने आते हैं. कृष्णा कुटीर की अधीक्षिका सही से ख्याल रखती हैं या नहीं? हेमा मालिनी ने कहा कि आप बिना किसी से डरे हुए बताइए. इस पर महिलाओं ने कहा कि नहीं, अब यहां का माहौल बहुत अच्छा है.
हर 2 महीने में आएंगी कृष्णा कुटीर: सांसद हेमा मालिनी से महिलाओं ने कहा, वह साल में एक बार जरूर आया करें. इस पर माताओं को आश्वस्त करते हुए कहा, वह हर दो महीने में यहां आया करेंगी.

इसके साथ ही सांसद ने अधीक्षिका से कहा कि इन माताओं को उनके जमाने की एक फिल्म दिखाया करें. सांसद हेमा मालिनी ने कहा कुछ समय पहले जब वह यहां आई थीं तो हालत बहुत खराब थी लेकिन अब स्थिति अलग है. यहां आकर अब अच्छा लगा.
DM से मिलकर भावुक हुई महिला, बोलीं- मेरा बेटा तुम्हारे बराबर होगा: कृष्णा कुटीर पहुंचे DM चंद्र प्रकाश सिंह जब हेमा मालिनी से मिल रहे थे, उसी दौरान एक महिला उनसे मिलने आ गईं. महिला ने DM को देखकर कहा कि शायद उनका बेटा भी इतना ही बड़ा होगा. जिसके बाद DM ने महिला को गले से लगा लिया. अपनत्व का एहसास कराने की कोशिश की. DM चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया, जब मां-बेटे का मिलन होता है तो स्वाभाविक है, भावुकता आ ही जाती है.
















Leave a Reply