गोरखपुर BRD मेडिकल कॉलेज में केरल निवासी जूनियर रेजिडेंट की मौत, हॉस्टल के कमरे में मिली लाश

Spread the love

यूपी के गोरखपुर में बाबा राघव दास (बीआरडी) मेडिकल कॉलेज कैंपस में शुक्रवार को हड़कंप मच गया. यहां केरल के रहने वाले एक जूनियर रेजिडेंट (जेआर-3) की मौत हो गई है. कॉलेज के एनेस्थीसिया विभाग के 32 वर्षीय जूनियर रेजीडेंट 100 सीटेट पीजी ब्वायज हॉस्टल के अपने कमरे में मृत मिले. उनका नाम अबिषो डेविड था। वह अबिविला, पामपडुमकुझी, पालूरकोनाम, परास्सला, तिरुअनंतपुरम केरल के रहने वाले थे. हॉस्टल में उनके कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर डॉक्टर और कर्मचारी अंदर गए तो वह बेड पर मृत पाए गए.

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि जूनियर रेजिडेंट की मौत स्वाभाविक है या फिर उन्होंने आत्महत्या की है. बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम के बाद ही यह साफ हो सकेगा. मौके से अभी तक किसी सुसाइड नोट के मिलने के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है. पुलिस इससे इनकार कर रही है. उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित बीआरडी मेडिकल कॉलेज में जूनियर रेजिडेंट की मौत की सूचना स्थानीय पुलिस ने जिले के आला प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को भी दे दी है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.

मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह 9:30 बजे तक अबिषो डेविट विभाग में नहीं पहुंचे तो विभागाध्यक्ष डा.सतीश कुमार के निर्देश पर कर्मचारी उन्हें बुलाने के लिए हॉस्टल गया. कर्मचारी ने विभागाध्यक्ष को बताया कि कमरा अंदर से बंद है. बुलाने पर कोई उत्तर नहीं मिल रहा है. इसके बाद विभागाध्यक्ष ने कुछ डाक्टरों और कर्मचारियों को दरवाजा तोड़ने का निर्देश दिया और स्वयं भी हॉस्टल में पहुंचे. दरवाजा तोड़ा गया तो अबिषो का शव बेड पर पड़ा था.

प्राचार्य डा. रामकुमार जायसवाल समेत कई चिकित्सक-शिक्षक तुरंत मौके पर पहुंच गए. गुलरिया थाने की पुलिस ने भी तुरंत पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी. पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया. जूनियर रेजिडेंट की मौत पर बीआरडी मेडिकल कालेज में अफरा-तफरी का माहौल है. सभी चिकित्सक और छात्र हॉस्टल पर पहुंचे. मरीजों के तीमारदार भी वहां जुट गए हैं. छात्र के परिवारीजनों को सूचना दी जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *