“मैं लोधेश्वर मंदिर में पूजा करने गया था। मंदिर में अखिल तिवारी, शुभम तिवारी और आदित्य तिवारी ने मुझे पूजा करने से मनाकर दिया. कहा- तुम दलित हो, तुमको पूजा करने का अधिकार नहीं है. तुम्हारी बिरादरी के लोग पूजा नहीं कर सकते. मंदिर में रखे लोटे और पास में टंगे घंटे से सिर पर वार किए, लात घूसों से पीटा. शोर सुनकर पहुंचे लोगों ने मुझे बचाया”.
यह कहना है बाराबंकी के शैलेंद्र प्रताप गौतम का. शैलेंद्र के साथ गुरुवार रात मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी और उनके दो बेटों ने मारपीट की. गंभीर हालत में उसे रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. वहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया. बाराबंकी जिला अस्पताल से शुक्रवार सुबह 8 बजे लखनऊ रेफर कर कर दिया गया. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई. मंदिर और आसपास बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. दोनों पक्षों ने पुलिस को शिकायत दी है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.

गांव लोधौरा के रहने वाले शैलेंद्र कुमार गौतम (27) मंदिर के मुख्य पुजारी वीरेंद्र अवस्थी गुट का सदस्य है. शैलेंद्र गुरुवार रात लोधेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करने गया था. दर्शन करने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया. थोड़ी ही देर में मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि पुजारी आदित्य ने अपने बेटे अखिल तिवारी, शुभम तिवारी के साथ मिलकर शैलेंद्र को बुरी तरह से पीटा. चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और शैलेंद्र को छुड़ाकर रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया.
आदित्य बोले– मेरी बहू पर शैलेंद्र ने किए थे कमेंट: आरोपी आदित्य तिवारी का कहना है– कल शाम को हम अपने बेटे अखिल और शुभम के साथ आए थे. मेरी बहू और बेटा अंदर पूजा कर रहे थे. तभी शैलेंद्र गौतम आये और बहू पर अश्लील कमेंट किए जिसका मेरे बेटे ने विरोध किया. इसी पर कहासुनी हुई. दोनों लोगों में मारपीट हो गई. मैं मंदिर के बरामदे में था, शोर सुनकर मौके पर पहुंचा और दोनों को छुड़ाया. उसके बाद शैलेंद्र ने गांव के कई लोगों को बुला लिया. उन लोगों ने हम लोगों को जातिसूचक शब्द कहे हैं. लोगों ने बीच बचाव किया तो हंगामा शांत हुआ.
इसके बाद हम लोग अपने घर चले गए, वे लोग भी अपने घर चले गए थे. हम लोगों की तरफ से ऐसे कोई जातिसूचक शब्द नहीं कहे गए हैं. हमने थाने जाकर शैलेंद्र के खिलाफ शिकायत की है. आदित्य लोधौरा के प्रधान राजन तिवारी के भाई हैं. प्रधान के पास ही मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी है. आदित्य भी मंदिर में पुजारी हैं, और पूजा पाठ करवाते हैं.

मंदिर में तनाव का माहौल: घटना के बाद मंदिर परिसर में तनाव की स्थिति बन गई है. मंदिर में बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है. कोतवाल अनिल पांडेय का कहना है कि दोनों पक्षों ने शिकायत दी है. मामले की जांच की जा रही है. पीड़ित ने मारपीट और जातिसूचक गालियां देने के आरोप लगाए हैं. उसकी हालत गंभीर है. मामले में मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि सच्चाई का पता चल सके. आरोपियों से भी पूछताछ की जाएगी. आरोप सही साबित हुए तो गिरफ्तारी की जाएगी.















Leave a Reply