कानपुर के चकेरी में बंद पड़े स्कूल में मिली गॉर्ड की सिर कटी लाश, ठेकेदार पहुंचा तो आ रही थी बदबू

Spread the love

कानपुर के मैरी जीसस स्कूल में बुधवार सुबह बुजुर्ग सिक्योरिटी गार्ड की सिर कटी लाश मिली. बॉडी चारपाई पर जबकि, सिर जमीन पर अलग पड़ा था. कमरे से बदबू आ रही थी. करीब एक साल से बंद स्कूल में ठेकेदार पहुंचा, जिसके बाद घटना की जानकारी हुई. सूचना पर मृतक के परिजन और पुलिस पहुंची. फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए. घटना चकेरी थाना क्षेत्र की है.

मैरी जीसस स्कूल कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के चेयरमैन संजय कपूर का था. चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया- प्रबंधन ने एक साल पहले स्कूल गोविंद नगर के एक बड़े कारोबारी को बेच दिया था. इसके बाद से स्कूल बंद था. स्कूल की देखरेख ठेकेदार गंगा सिंह कर रहे थे.

सिक्योरिटी गार्ड के शव मिलने की सूचना पर परिजन पहुंचे. इस दौरान उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया.

7 जुलाई से नौकरी कर रहा था गार्ड: गोविंद नगर, एच ब्लाक के रहने वाले राम प्रसाद (60) देहली सुजानपुर स्थित मेरी जीसस स्कूल में 7 जुलाई से सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहे थे. बुधवार यानी 13 अगस्त की सुबह ठेकेदार गंगा सिंह जब स्कूल की देखरेख करने पहुंचे तो गार्ड अपने रूम में नहीं था. उन्होंने आवाज लगाई लेकिन कोई नहीं आया.

उन्होंने बताया- जब मैं सिक्योरिटी गार्ड के कमरे में गया तो नजारा देखकर दंग रह गया. कमरे से बदबू आ रही थी. सिर जमीन पर पड़ा था जबकि आधी बॉडी चारपाई पर पड़ी थी. मैंने तुरंत पुलिस और गार्ड के परिजनों को सूचना दी. थोड़ी ही देर में पुलिस और राम प्रसाद की पत्नी शांति देवी, बेटा आशीष रावत और अंकित रावत मौके पर पहुंचे. बेटी बोली- पापा की हत्या की गई है.

यह मैरी जीसस स्कूल है. इसी के अंदर सिक्योरिटी गार्ड का शव मिला.

राम प्रसाद की बेटी दीपा ने कहा- मेरे पापा की हत्या की गई: बेटी दीपा ने कहा- आज सुबह-सुबह फोन आया कि आपके पापा खत्म हो गए हैं. जब हम मौके पर पहुंचे तो उनका सिर नीचे पड़ा था और बॉडी चारपाई पर थी. अगर यह प्राकृतिक घटना होती तो उनका सिर बॉडी से जुड़ा होता. मेरे पापा की हत्या की गई है. अभी 29 जुलाई को पापा की बहन से बात हुई थी. मुझसे 20 दिन पहले बात हुई थी. कह रहे थे बाइक बनने को दी है, ले लेना.

मुझे पता चला है कि स्कूल को लेकर विवाद है. हो सकता पुराने लोग आए हों और पापा ने दरवाजा न खोला हो और बहसबाजी हुई हो. रक्षाबंधन से एक दिन पहले से ही पापा का फोन स्विच ऑफ बता रहा था.

ACP चकेरी अभिषेक पांडेय ने कहा- देहली सुजानपुर क्षेत्र के एक स्कूल में एक व्यक्ति के शव मिलने की सूचना प्रबंधक की ओर से दी गई थी. प्रबंधक का कहना कि रामप्रसाद नाम के व्यक्ति को देखभाल करने के लिए नौकरी पर रखा था. परिजन अभी डेडबॉडी को लेकर संदेह व्यक्त कर रहे हैं. पोस्टमॉर्टम के बाद डीएनए की भी जांच कराई जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *