कानपुर में कार सवारों ने आठवीं के छात्र की गला दबाकर हत्या कर दी. फिर छात्र के शव को कानपुर देहात के शिवली में सड़क किनारे झाड़ियों में फेंक दिया. पुलिस ने सीसीटीवी खंगाले. इसमें दिख रहा है कि छात्र जब पानी बतासे का ठेला लेकर जा रहा था तो कार सवारों ने उसे कार के अंदर खींचकर फरार हो गए.
छात्र के गले में निशान हैं. पुलिस की दो टीमें गठित की गईं हैं. वहीं पुलिस ने संदेह के आधार पर दो ठेला वालों को हिरासत में लिया है. पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है. मामला पनकी थाना क्षेत्र का है.

कुलदीप (लाल घेरे में) ठेला ले जाते हुए सीसीटीवी में कैद हुआ है, साथ में कार भी दिखाई दे रही है.
ठेला लेकर निकला, मगर घर नहीं पहुंचा: मूल रूप से सजेती के ग्राम गुरैयनपुर निवासी प्रदीप निषाद ने बताया कि मैं मौजूदा समय में महाकालेश्वर मंदिर पनकी गंगागंज में रहता हूं. मेरा छोटा भाई कुलदीप निषाद (15) हंस विद्या मंदिर गंगा गंज में पढ़ता था. वह कक्षा आठ का छात्र था. बताया- पढ़ाई के साथ-साथ मेरा भाई कुलदीप पनकी के कैंब्रिज चौराहे पर पानी के बतासे का ठेला लगाता था. भाई कुलदीप 12 अगस्त की रात कैम्ब्रिज चौराहे के पास से रात लगभग 11 बजे घर के लिए निकला था मगर वह घर नहीं पहुंचा. उसका ठेला चौराहे से लगभग 500 दूर काशीराम की ओर लावारिश हालात में मिला. मैंने पनकी पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज कराई. गुरुवार को मेरे भाई कुलदीप का शव कानपुर देहात के शिवली में मिला.

मृतक कुलदीप अपने बड़े भाई विनोद के साथ. (फाइल फोटो)
सीसीटीवी में कार ओवरेटेक करते हुए दिखाई दी: भाई प्रदीप ने बताया कि कार सवारों ने अपहरण करने के बाद मेरे भाई की हत्या की है. इसका एक सीसीटीवी सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि कुलदीप ठेला लेकर घर की ओर जाता दिखाई दे रहा है. इसके बाद एक कार पीछे से आती है. कार ठेले को ओवरटेक करते हुए आगे रुक जाती है. इसके बाद कुछ लोग उसके भाई को खींच कर कार के अंदर डाल कर फरार हो गए. फिर हत्या करके शव को कानपुर देहात के शिवली में फेंक दिया. शिवली थाने की पुलिस शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवा रही है.
भाई प्रदीप ने बताया कि कैंब्रिज चौराहा पर मेरा भाई कुलदीप भी पानी के बतासे का ठेला लगाता था. ठेला आगे लगाने पर वहां के चाऊमीन वाले राजन, गोलगप्पे वाला प्रशांत और फालूदे की दुकान लगाने वाले ने आपत्ति जताई थी. दो दिन पहले चाऊमीन का ठेला लगाने वाले राजन से कुलदीप का विवाद भी हुआ था. प्रदीप ने आशंका जताई है कि ठेले के विवाद में उसके भाई की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई है.
मां गश खाकर गिरी, बहनें कलाई पर बंधी राखी पकड़कर रोती रहीं: वहीं गुरुवार को कुलदीप का शव देखते ही मां राममूर्ति गश खाकर गिर पड़ीं जबकि पिता हरिश्चंद्र रो-रो कर बेहाल हो गए. भाई प्रदीप को भी परिवार के लोगों ने संभाला. दोनों बहनें पूजा और गोमती तो बस भाई के कलाई पर बंधी राखी को पकड़कर रो रही थीं. बहनें कह रही थीं, भाई इस तरह मुझे छोड़कर नहीं जा सकते हो. रिश्तेदारों और मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह परिवार के लोगों को संभाला.
डीसीपी वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि नाबालिग की गुमशुदगी दर्ज की गई थी, उसका कानपुर देहात के शिवली में शव बरामद हुआ है. परिवार के लोगों ने अपहरण के बाद हत्या की आशंका जताई है. पनकी पुलिस की दो टीमें मर्डर केस का खुलासा करने के लिए जांच कर रही हैं. सीसीटीवी से पुलिस को अहम सुराग मिले हैं. हत्या में संदिग्ध ठेले वाले को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
















Leave a Reply