समाजवादी पार्टी के काफिले में शामिल गाड़ियों का आठ लाख का चालान किया गया है. शुक्रवार को लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान इस बात की जानकारी खुद अखिलेश यादव ने दी. अखिलेश यादव ने इस चालान को भी बीजेपी की साजिश करार दिया. अखिलेश ने कहा कि ओवर स्पीडिंग को देखने के लिए जो सिस्टम चला रहा होगा, वह बीजेपी का नेता ही होगा. यह भी कहा कि हम उसे ट्रेस करेंगे कि वह आखिर है कौन जो जानबूझकर हमारी ही गाड़ियों का चालान कर रहा है.
दरअसल, प्रेस कांफ्रेंस के दौरान गाजीपुर का एक युवक अखिलेश के पास पहुंचा था. उसने आरोप लगाया कि उसकी गाड़ी को लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी थाने में सीज कर दिया गया. गाड़ी का बीस हजार का चालान काटा गया. कोर्ट के जरिए सात दिन बाद जब उसकी गाड़ी वापस मिली तो पता चला कि गाड़ी के कई पार्ट्स गायब थे. कुछ दूर चलने पर गाड़ी का इंजन भी सीज हो गया.
अखिलेश ने कहा कि हमारी गाड़ियों का चालान तो पार्टी भर देगी. सभी गाड़ियां पार्टी के नाम पर हैं. कुछ गाड़ियां सरकारी थी. वह तो सभी के साथ चलती हैं. उसका चालान कौन भरेगा. उसका चालान भी सरकारी कोटे से भर ही जाएगा लेकिन टैक्सी में गाड़ी चलाने वाले गरीब आदमी की का चालान कर दिया गया.
इसी दौरान किसी ने सरकार की तरफ से एंबेसडर मिलने की बात कही तो अखिलेश ने भी तंज कसते हुए कहा कि हम भी इसी तरह कोई गाड़ी खोजकर देंगे. उस समय जो सबसे अच्छी गाड़ी होगी, हम भी वही देंगे. अखिलेश यादव ने बताया कि लखनऊ आते समय एक्सप्रेसवे पर उनका चालान किया गया है. यह चालान कब का है और एक बार का ही है या कई बार चालान हुआ है, यह अखिलेश यादव ने नहीं बताया.
माना जा रहा है कि कई बार का यह चालान हो सकता है. हालांकि किसी पूर्व मुख्यमंत्री को प्रोटोकॉल के तहत मिली सरकारी गाड़ियों वाले काफिले का इस तरह से चालान का मामला पहली बार ही सामने आया है.
















Leave a Reply