VIDEO: नेपाल में वित्त मंत्री को सड़क पर दौड़ाकर पीटा, बचकर भागे तो लात मार पटका

Spread the love

नेपाल में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं. खबर है कि प्रदर्शनकारियों ने देश के वित्त मंत्री को सड़क पर दौड़ाकर पीटा है. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इधर, प्रधानमंत्री पद से केपी शर्मा ओली ने भी इस्तीफा दे दिया है. राजधानी काठमांडू समेत कई शहरों में भ्रष्टाचार समेत कई मुद्दों लेकर हिंसक प्रदर्शन हो रहा है.

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेपाल के वित्त मंत्री विष्णु प्रसाद पोडैल को भीड़ ने बीच सड़क पर दौड़ाकर पीटा. वायरल वीडियो में नजर आ रहा है कि पोडैल को भीड़ ने घेर रखा है, लेकिन वह इसी बीच बचकर भाग निकलते हैं. अचानक सड़क पर मौजूद एक प्रदर्शनकारी उन्हें लात मार देता है और वह वहीं गिर जाते हैं. इसके बाद फिर भीड़ उनपर टूट पड़ती है और वह जान बचाकर भागते हैं.

बड़े नेताओं के घर जलाए: प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल सहित कई शीर्ष राजनीतिक नेताओं के निजी आवास पर हमला किया तथा संसद भवन में तोड़फोड़ की. ओली के इस्तीफे से कुछ घंटे पहले, प्रदर्शनकारियों ने बालकोट स्थित उनके निजी आवास में आग लगा दी और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड’, संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग, पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक आदि के आवासों पर हमला किया.

अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू के नायकाप स्थित पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक के आवास को भी आग लगा दी। यह घटना उनके पद से इस्तीफा देने के एक दिन बाद हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी युवकों ने ललितपुर जिले के सुनाकोठी स्थित संचार मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग के आवास पर भी पथराव किया. गुरुंग ने सोशल मीडिया साइटों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *