कानपुर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर को सांड़ ने पटका, पैर टूटा; हेड कांस्टेबल ने अस्पताल पहुंचाया

Spread the love

कानपुर में गुरुवार सुबह 11 बजे ऑफिस जा रहे एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को सांड ने पटक दिया. सड़क पर गिरने की से पैर की हड्‌डी टूट गई.

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया- सड़क किनारे आपस में लड़ रहे सांड अचानक दौड़े और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इंजीनियर उछलकर सड़क पर जा गिरे. गनीमत रही कि पीछे से कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना हादसा जानलेवा हो सकता था.

विमानपुरी अन्ना चौराहा निवासी पंकज कुमार भारती (38) सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. उनकी पत्नी अर्चना गौतम और बेटा तेजस गौतम हैं. गुरुवार सुबह वह रोजाना की तरह बाइक से ऑफिस के लिए निकले थे. उन्हें माल रोड और सिविल लाइंस स्थित दोनों कार्यालयों में जाना था.

पंकज के मुताबिक, वह करीब 30 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बाइक चला रहे थे. इसी दौरान सड़क किनारे आपस में लड़ रहे सांड अचानक बेकाबू होकर उनकी बाइक की तरफ दौड़ पड़े. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, सांडों ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

टक्कर लगते ही पंकज बाइक समेत सड़क पर जा गिरे. उनके पैर में गंभीर चोट आई और फ्रैक्चर हो गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. इसी बीच वहां मौजूद हेड कांस्टेबल नजरुल हसन ने तत्परता दिखाते हुए घायल को संभाला. उन्होंने ई-ऑटो की मदद से पंकज को कांशीराम अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी.

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि घायल को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनका उपचार जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *