कानपुर की रैली के भीषण जाम ने लगायी सिपाही पर मौत की मुहर, पिता एंबुलेंस के लिए रास्ता मांगता रहा

Spread the love

कानपुर में भाजपा लोकतंत्र बचाओ रैली के दौरान लगे भीषण ट्रैफिक जाम ने एक 22 वर्षीय सिपाही की जान ले ली. फतेहपुर में डंपर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल अंबेडकरनगर में तैनात सिपाही प्रांशु सचान को एंबुलेंस से हैलट अस्पताल लाया जा रहा था. टाटमिल चौराहे पर एंबुलेंस करीब डेढ़ से दो घंटे तक जाम में फंसी रही.

पिता बेटे की जान बचाने के लिए कभी पुलिसकर्मियों, तो कभी भीड़ के सामने हाथ जोड़कर रास्ता देने की गुहार लगाते रहे, लेकिन एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी. करीब डेढ़ से दो घंटे तक जिंदगी और मौत के बीच जूझने के बाद घायल सिपाही ने हैलट पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. पिता का आरोप है कि उनका बेटा एंबुलेंस में दर्द से तड़पता रहा, लेकिन जाम के चलते उसे समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका.

विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था: मूलरूप से घाटमपुर के मोतीपुर गांव निवासी प्रमोद सचान किसान हैं. परिवार में पत्नी विभा, बेटा प्रांशु और बेटी चांदनी हैं. प्रांशु की तैनाती अंबेडकरनगर जिले की टांडा कोतवाली में थी. मंगलवार को वह विभागीय काम से सम्मन तामील कराने निकला था. पहले कानपुर देहात के रसूलाबाद और फिर कानपुर नगर के बिधनू में सम्मन तामील कराया. इसके बाद उसे फतेहपुर जाना था. रास्ते में पिता मिल गए,तो उन्हें भी बाइक पर बैठा लिया.

हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव...पोस्टमार्टम हाउस में पिता प्रमोद सचान बेटे को याद कर बार-बार बिलख पड़े. उन्होंने बताया कि जाम में एंबुलेंस फंसने के बाद वह सड़क पर उतरकर लोगों से रास्ता मांगते रहे. उनकी जुबान पर बस यही गुहार थी- ‘हमार बिटवा का एक्सीडेंट हो गओ है, एंबुलेंस जान देव।’ कभी पुलिसकर्मियों के सामने हाथ जोड़े तो कभी भीड़ से रास्ता देने की विनती की, लेकिन उनकी गुहार के बावजूद एंबुलेंस आगे नहीं बढ़ सकी. बृहस्पतिवार को प्रांशु के शव का पोस्टमार्टम कराया गया. इसके बाद परिजन शव को घाटमपुर के मोतीपुर गांव ले जाएंगे. गांव में पुलिस विभाग की ओर से उसे अंतिम सलामी दी जाएगी. इसके बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा.

डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया: फतेहपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बक्सर मोड़ के पास पीछे से आए तेज रफ्तार डंपर ने बाइक में टक्कर मार दी. इससे पिता-पुत्र सड़क पर जा गिरे. बाइक पर पीछे बैठा प्रांशु डंपर के पहिये के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गया. पिता को मामूली चोटें आईं. हादसे के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला. सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई. प्रांशु की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *