UP के बाराबंकी में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने गुरुवार सुबह अपने सीने में गोली मारकर सुसाइड कर लिया. रात 3 बजे गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन घर के बाहर बरामदे में आए तो वह खून से लथपथ मिले। पास में ही लाइसेंसी रायफल पड़ी थी.
परिजनों का कहना है कि प्रदेश उपाध्यक्ष एक महीने से किसी बात को लेकर तनाव में थे. कहीं जाते-आते भी नहीं थे. पुलिस ने रायफल कब्जे में ली है. मामला जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के अलादासपुर का है.
मिली जानकारी के अनुसार अलादासपुर के रहने वाले अनुपम कुमार सिंह उर्फ राजन (38) पांच साल से अखिल भारतीय हिंदू महासभा में थे. परिवार में उनकी पत्नी आरती (35) और दो जुड़वां बेटे विश्व (15) और वृषभ (15) हैं। घटना के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
पत्नी आरती के मुताबिक, अनुपम ने बुधवार रात परिवार के साथ खाना खाया. इसके बाद अपने कमरे में सोने चले गए. रात में वह कमरे से निकलकर बरामदे में आ गए. इसी दौरान गोली चलने की आवाज सुनाई दी. लोग मौके पर पहुंचे तो अनुपम की मौत हो चुकी थी.
परिजनों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस, फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची। रायफल को जब्त कर लिया गया है.
मामले में कोतवाली प्रभारी दयाशंकर द्विवेदी ने बताया- “अनुपम रात में कमरे से निकलकर बरामदे में गए थे, जहां गोली लगने से उनकी मौत हुई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
















Leave a Reply