Amul ने फिर दिया महंगाई का झटका, दिवाली से पहले बढ़ाए घी और बटर के दाम

Spread the love

त्योहारों के मौसम में मिठाइयां और पकवान बनाने की तैयारी कर रहे लोगों की जेब पर इसका असर पड़ सकता है. जी हां, क्योंकि दिवाली से पहले अमूल ने घी और बटर खरीदने वाले ग्राहकों को बड़ा झटका दे दिया है. कंपनी ने घी के 1 किलो पैक की कीमत में सीधे ₹50 की बढ़ोतरी कर दी है. वहीं, 500 ग्राम बटर का पैक भी ₹15 महंगा हो गया है. खास बात यह है कि कीमतें बढ़ने के साथ कुछ बाजारों में अमूल के गाय के घी की किल्लत भी देखने को मिल रही है.

अमूल ने घी और बटर के अलग-अलग पैक की कीमतों में बदलाव किया है. नई कीमतों के मुताबिक, 1 किलो घी का कार्टन अब ₹680 में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत ₹630 थी, यानी ग्राहकों को अब एक पैक खरीदने के लिए ₹50 ज्यादा खर्च करने होंगे. इसी तरह 500 ग्राम प्योर घी के पाउच की कीमत ₹325 से बढ़ाकर ₹345 कर दी गई है. बटर की कीमतों में भी इजाफा हुआ है. 100 ग्राम बटर का पैक ₹63 से बढ़कर ₹66 और 500 ग्राम का पैक ₹310 से बढ़कर ₹325 हो गया है.

द इकोनॉमिक्स टाइम्स के मुताबिक, अमूल के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर भी घी की अलग-अलग वैरायटी की कीमतें सामने आई हैं. यहां गाय का घी ₹740 प्रति लीटर, सागर घी ₹710, प्योर घी ₹700 और भैंस का घी ₹720 प्रति लीटर की कीमत पर लिस्ट किया गया है. हालांकि, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर प्योर घी, भैंस का घी और कॉम्बो पैक जैसी कुछ वैरायटी आउट ऑफ स्टॉक भी दिखाई दीं. इससे त्योहारों के समय सप्लाई पर दबाव का संकेत मिलता है.

आपको बता दें कि घी की कीमतें बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह मांग में तेजी और सप्लाई की कमी बताई जा रही है. गुजरात और राजस्थान में मिलावटी घी के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद ग्राहकों का रुझान ब्रांडेड घी की तरफ बढ़ा है. अमूल से जुड़े एक सहकारी क्षेत्र के पदाधिकारी के मुताबिक, पिछले 6 महीनों में गुजरात और राजस्थान के अलग-अलग इलाकों से करीब 2 लाख किलो नकली घी जब्त किया गया है. इसके बाद ग्राहकों ने भरोसेमंद ब्रांड के घी को प्राथमिकता देना शुरू कर दिया. इसके अलावा त्योहारों के दौरान पूरे साल की कुल घी खपत का करीब 45% हिस्सा इस्तेमाल होता है. ऐसे में दिवाली से पहले मांग बढ़ने से सप्लाई पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है.

जानकारी के मुताबिक, कीमतों में बढ़ोतरी के साथ ग्राहकों को अमूल के कुछ प्रोडक्ट खरीदने में भी परेशानी हो रही है. गुजरात के वडोदरा और अहमदाबाद में दुकानदारों ने घी की सप्लाई कम होने की बात कही है. खासतौर पर अमूल गाय के घी की उपलब्धता प्रभावित हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, अहमदाबाद के सैटेलाइट इलाके में स्थित एक D-Mart स्टोर में मंगलवार को अमूल घी और बटर का स्टॉक उपलब्ध नहीं था.

वडोदरा के कुछ अमूल पार्लर संचालकों का कहना है कि उन्हें जरूरत के मुकाबले काफी कम मात्रा में घी मिल रहा है. एक पार्लर संचालक के मुताबिक, गणपति उत्सव के बाद से उनके यहां गाय के घी की सप्लाई नहीं पहुंची थी। इस समस्या को लेकर पार्लर संचालकों ने डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ बैठक भी की थी. इसके बाद वितरण व्यवस्था में कुछ सुधार हुआ, लेकिन गाय के घी की सप्लाई अब भी पर्याप्त नहीं है. गुजरात के अलावा पुणे, कोलकाता और जम्मू-कश्मीर से भी पहले सप्लाई में दिक्कतों की शिकायतें सामने आई थीं. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में सप्लाई प्रभावित होने की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है.

अमूल के ग्राहकों को सितंबर 2025 में GST दरों में कटौती के बाद राहत मिली थी. उस समय डेयरी प्रोडक्ट्स पर GST 12% से घटाकर 5% किया गया था. इसके बाद अमूल ने अपने करीब 700 डेयरी प्रोडक्ट्स की कीमतें कम की थीं, तब घी के 1 लीटर कार्टन की कीमत ₹650 से घटाकर ₹610 कर दी गई थी. वहीं, 5 लीटर के टिन की कीमत ₹3,275 से घटकर ₹3,075 हो गई थी। बटर की कीमतों में भी कटौती की गई थी. 100 ग्राम पैक ₹62 से घटकर ₹58 और 500 ग्राम पैक ₹305 से घटकर ₹285 हो गया था, लेकिन अब घी और बटर के दाम दोबारा बढ़ने से ग्राहकों को मिली राहत खत्म हो गई है.

दिवाली के दौरान घरों में मिठाइयां, नमकीन और कई तरह के पकवान बनाने के लिए घी और बटर का इस्तेमाल बढ़ जाता है. ऐसे में कीमतों में ताजा बढ़ोतरी से त्योहार का बजट प्रभावित हो सकता है. ग्राहकों के सामने अब डबल परेशानी है. एक तरफ घी और बटर महंगे हो गए हैं, तो दूसरी तरफ कुछ बाजारों में इनकी उपलब्धता भी कम बताई जा रही है. फिलहाल, ग्राहकों की नजर इस बात पर रहेगी कि त्योहारों के दौरान अमूल की सप्लाई कितनी सुधरती है और कीमतों में आगे कोई बदलाव होता है या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *