रावतपुर थाने के वॉशरूम में युवक ने किया सुसाइड, टीशर्ट की इलास्टिक से लगाया फंदा

Spread the love

पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रावतपुर थाने के वॉशरूम में युवक ने टीशर्ट की इलास्टिक से फंदा लगाकर जान दे दी. गुरुवार तड़के दरवाजे से उसका शव लटका मिला. बुधवार देर रात युवक ने शराब के नशे में बुआ की गला दबाकर हत्या की कोशिश की थी.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी को परिवार के लोग थाने लेकर पहुंचे. शौच के बहाने युवक तड़के वॉशरूम गया. काफी देर तक नहीं लौटा. फिर पुलिसकर्मी उसे देखने पहुंचे। धक्का देने पर बाथरूम का दरवाजा खुल गया. पुलिस ने देखा तो शव फंदे से लटका था. आनन-फानन पुलिस उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान काकादेव कच्ची मड़ैया के जय प्रकाश नगर निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू (35) के रूप में हुई है.

मां की मौत के बाद बुआ के घर रहता था: DCP वेस्ट दिनेश चंद्र त्रिपाठी ने बताया- दिनेश उर्फ गुड्डू शटरिंग का काम करता था. वह मां की मौत के बाद बुआ रेनू के घर में सालभर से रहता था. रेनू के बेटे सिद्धार्थ ने बताया कि दिनेश शराब बहुत पीता था. आए दिन नशे में विवाद करता था. पिता पप्पू ने दिनेश को एक साल पहले घर से निकाल दिया था.

लोहे के तार से कसा था बुआ का गला: घटना की जानकारी जॉइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार, डीसीपी वेस्ट दिनेश चंद्र त्रिपाठी, एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह, एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची. DCP वेस्ट ने बताया कि बुधवार देर रात दिनेश नशे में घर पहुंचा था, जिसका विरोध करने पर बुआ से उसका विवाद हो गया. फिर देर रात गुड्‌डू ने लोहे के तार से बुआ का गला कस कर हत्या करने की कोशिश की. चीख सुनकर मौके पर परिजन पहुंचे. पहले आरोपी गुड्‌डू को परिजनों ने पीटा, फिर सुबह करीब 4 बजे उसे रावतपुर थाने ले आए. यहां पुलिसकर्मियों ने उसे हवालात में बंद कर दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *