सोनभद्र के स्कूल पर गिरी आकाशीय बिजली, पलभर में खाक हुए दो मासूम; दो की हालत नाजुक

Spread the love

सोनभद्र जिले के हाथी नाला थाना क्षेत्र के ब्रह्मदेव पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छुट्टी के समय विद्यालय परिसर पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए.

छुट्टी के समय मचा हाहाकार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विद्यालय की छुट्टी हो चुकी थी और बच्चे परिसर में इधर-उधर मौजूद थे. इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में पांच बच्चे आ गए. घटना इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद शिक्षक और बच्चे भी दहशत में आ गए. हादसे के बाद पूरे विद्यालय में चीख-पुकार मच गई.

एंबुलेंस से पहुंचाए गए अस्पताल: घटना की सूचना मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत एंबुलेंस को बुलाया. कुछ ही देर में मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन (सीएचसी) पहुंचाया. हालांकि, दो बच्चों को बचाया नहीं जा सका और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. तीन गंभीर रूप से घायल बच्चों का इलाज किया गया, जिनमें से एक की हालत नाजुक होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.

अधीक्षक के नदारत होने पर आक्रोश: इस बीच चोपन सीएचसी पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घायलों को लाया गया. परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अधीक्षक मौजूद ही नहीं थे. इससे आक्रोशित परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन सख्त: घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं, क्षेत्रीय ग्रामीणों में इस हादसे को लेकर गहरी दहशत व्याप्त है. प्रशासन ने बिजली गिरने से हुई इस दुर्घटना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *