आजम खान की गिनती सपा के दिग्गज नेताओं में होती है, साथ ही पार्टी का वह बड़ा मुस्लिम चेहरा भी हैं. बरेली शहर में जाने की जिला प्रशासन ने अनुमति नहीं दी है. वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव बरेली एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए रामपुर पहुंचे. रामपुर में वे जौहर विश्वविद्यालय के हेलीपैड पर उतरे और फिर आजम खान के आवास पर पहुंचे और उनसे मुलाकात की. यह मुलाकात इसलिए खास मानी जा रही है क्योंकि जेल से रिहा होने के बाद यह अखिलेश यादव और आजम खान की पहली आमने-सामने की बातचीत होगी.
सपा प्रमुख अखिलेश यादव को रिसीव करने के लिए आजम खान खुद जौहर यूनिवर्सिटी पहुंचे थे, जहां से अखिलेश आजम की गाड़ी में बैठ कर उनके घर पहुंचे.
इससे पहले समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आज़म ख़ान ने पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की मुलाकात से पहले खुलकर प्रतिक्रिया दी है, आजम ख़ान ने कहा कि अखिलेश यादव के आने से उन्हें खुशी होगी और यह उनके लिए सम्मान की बात है. आज़म ख़ान ने कहा कि सोचने की कोई बात नहीं है. वो आएंगे, और मुझे सम्मान मिलेगा. ऐसा नहीं है कि वो पहली बार आ रहे हैं. मेरे तन-मन पर उनका हक़ है. वो आएंगे तो मुझे खुशी होगी, मेरा सम्मान बढ़ेगा.
अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस को दिए इंटरव्यू में आजम खान से जब पूछा गया कि वे चाहते हैं कि सिर्फ़ अखिलेश यादव ही आएं, तो उन्होंने थोड़े तल्ख़ अंदाज़ में जवाब दिया. आजम ख़ान ने कहा कि मैं सिर्फ़ उन्हीं से मिलूंगा, दूसरे मुझसे क्यों मिलें? इतने दिनों से मेरे परिवार के बारे में किसने पूछा? मेरी बीवी ईद पर अकेली रो रही थी, कोई आया क्या? किसी का फ़ोन आया क्या? तो अब क्यों आएं?















Leave a Reply