UP के बागपत के गांगनौली गांव की मस्जिद में अपने उस्ताद की पत्नी और दो बेटियों को मौत के घाट उतारने वाले दो नाबालिगों तक पुलिस वारदात के सामने आने के महज छह घंटों में पहुंच गई. लोगों को अंदर तक हिला देने वाले बागपत के इस ट्रिपल मर्डर केस के बेहद कम समय में खुलासे के लिए पुलिस की तारीफ हो रही है. वहीं इस सनसनीखेज हत्याकांड को दो नाबालिगों ने जिस तरह अंजाम दिया उसने सबकी रुह कंपा दी है. दोनों छात्रों ने कबूल किया है कि उन्होंने पढ़ाई में गलती के लिए उस्ताद द्वारा की गई पिटाई का बदला लेने के लिए इस कांड को अंजाम दिया. दोनों ने मौलाना के परिवार को मस्जिद के एक कमरे में सोते समय तड़पा-तड़पाकर मार डाला.
उन्होंने मौलाना की दोनों बेटियों की हत्या कर उनकी लाश को एक चारपाई पर डाल दिया. मौलाना की पत्नी को मारने के बाद उन्होंने उसके शव का फर्श पर डाल दिया. शनिवार की दोपहर इस तिहरे हत्याकांड के खुलासे के बाद पहुंचे लोगों और पुलिस को कमरे में हर तरफ खून ही खून बिखरा मिला.

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस की पूछताछ में आरोपी छात्रों ने बताया कि मौलाना पढ़ाई में कोई गलती होने पर अक्सर उन्हें डांटते और पीटते थे. शनिवार को भी उन्होंने दोनों में से एक छात्र को पीट दिया था. इसके बाद वह अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवबंद चले गए। मौलाना के देवबंद जाते ही नाबालिग ने अपने दोस्त को वहां बुला लिया. फिर दोनों ने मिलकर मस्जिद के ऊपरी हिस्से के एक कमरे में सो रहे मौलाना के परिवार को खत्म करने की प्लानिंग की.
वह घर से हथौड़ा और छुरी लाए: गुस्से में पागल दोनों नाबालिग छात्रों ने मौलाना इब्राहीम की पत्नी इसराना, बेटी सोफिया और सुम्या पर हथौड़े और छुरी से बेरहमी से वार कर तीनों को मौत के घाट उतार दिया. उन्होंने मौलाना की पत्नी और मासूम बेटियों पर सोते समय वार किया. बेरहमी से तीनों की हत्या कर दी.
ऐसे हुआ खुलासा: पुलिस ने महज छह घंटे में इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया. बागपत के एसपी सूरज राय ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए सात टीमें बनाई गई थीं. फील्ड यूनिट ने फिंगरप्रिंट और डीएनए के लिए नमूने इक्ट्ठा किए. बताया जा रहा है कि एक सीसीटीवी फुटेज को देखते समय पुलिस की नजर कैमरा बंद करने की कोशिश करते हुए एक नाबालिग पर पड़ी. पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की तो उसने घटना स्वीकार कर ली. यही नहीं घटना में शामिल अपने दोस्त के बारे में भी जानकारी दी. आरोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा और एक छुरी पुलिस ने बरामद कर ली है. पुलिस आगे की कानूनी कार्यवाही कर रही है.
घटना के बाद पुलिस के खिलाफ दिखा था गुस्सा: तिहरा हत्याकांड सामने आने के बाद बागपत के गांगनौली गांव में ग्रामीणों का पुलिस के खिलाफ गुस्सा दिखा था. ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों के साथ धक्का मुक्की भी की थी. पुलिस ने इस मामले में बेहद सूझबूझ से काम लेते हुए छह घंटे के अंदर ही मामले का खुलासा कर दिया.















Leave a Reply