कानपुर में गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा को लेकर सपा विधायक अमिताभ बाजपेई और बीजेपी पार्षद विकास जायसवाल आमने सामने आ गए. दोनों के समर्थकों में जमकर बहस हुई. पुलिस ने उन्हें समझाकर शांत कराया. दरअसल मेट्रो निर्माण के समय गणेश शंकर विद्यार्थी की प्रतिमा हटाए जाने और अभी तक स्थापित न कराए जाने के विरोध में आज सपा विधायक की ओर से प्रदर्शन का आयोजन किया था. वहीं भाजपा के पार्षद विकास जायसवाल ने भी उसी जगह पर सपा विधायक के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने पहुंच गए.

दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ता और विधायक-पार्षद एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने लगे. उन्होंने एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की. सपा विधायक ने कहा कि कोई गली का गुंडा हमें धमकाएगा तो क्या हम डर जाएंगे. इससे क्या वह आर्य नगर का विधायक हो जाएगा. हमें कमल के फूल से लड़ना है, पत्तियों से नहीं. वहीं पार्षद की तरफ से टोटी चोर के नारे लगाए जाते रहे. इस दौरान एडीसीपी अंजली विश्वकर्मा समेत थाने की फोर्स मौजूद रही.
पूरा मामला यह है कि नरोना चौराहा पर गणेश शंकर विद्यार्थी चौक पर गणेश शंकर विद्यार्थी की एक प्रतिमा बनी हुई थी. डेढ़ साल पहले मेट्रो निर्माण के समय इसे हटवा दिया गया था. यहां पर नयागंज मेट्रो स्टेशन बनाया गया है. अब मेट्रो चालू भी हो चुकी है. इसलिए आर्यनगर विधानसभा से सपा विधायक अमिताभ बाजपेई ने इस स्थान पर गणेश शंकर विद्यार्थी के प्रतिमा लगाए जाने के लिए सोमवार को प्रदर्शन करने का ऐलान किया था.

वे दोपहर में नयागंज मेट्रो स्टेशन पहुंचकर मेट्रो के खिलाफ कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन करने लगे. उन्होंने कहा कि गणेश शंकर की प्रतिमा कहां है. वह नगर निगम के पास है या जिला प्रशासन के पास है. उन्होंने यहां पर इसका बैनर पोस्टर भी लगा दिया. जैसे ही प्रदर्शन की शुरुआत हुई, थोड़ी ही देर बाद वहां पर भाजपा के पार्षद विकास जायसवाल कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए. वे सपा विधायक के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. उन्होंने हाथों में बैनर भी ले रखा था। जिस पर लिखा था- सपा विधायक जी ना करो फर्जी प्रयास गणेश शंकर विद्यार्थी जी की मूर्ति है हमारे पास ,आपको तो मंदिर भी नहीं याद अब आकर कर रहे हैं फर्जी टाइम पास.
सपा और भाजपा के कार्यकर्ता एक दूसरे से 10 कदम की दूरी पर ही जमकर एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. सपा की तरफ से मूर्ति चोरी करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की गई ,तो वहीं दूसरी तरफ टोटी चोर के नारे पार्षद के समर्थक कार्यकर्ता लगने लगे.
















Leave a Reply