पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर के रावतपुर थाने में तैनात दो दरोगा ऑन ड्यूटी शराब पीते पकड़े गए. इन्हें पुलिस कमिश्नर ने सस्पेंड कर दिया. ADCP देर रात क्षेत्र में पुलिस वालों की चेकिंग पर निकले तो दोनों दरोगा गश्त पर नहीं मिले. गुरुदेव चौकी पहुंचे तो दोनों पैग बनाकर बैठे थे.
सामने पुलिस अफसर को देखकर दोनों दरोगा सन्न रह गए. सैल्यूट करने उठे तो लेकिन हाथ और पैर लड़खड़ा रहे थे. ADCP की रिपोर्ट पर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने चौकी इंचार्ज लोकेश पटेल और दरोगा निखिल सिंह को सस्पेंड कर दिया है. साथ ही हिदायत दी है कि अगर ऑन ड्यूटी कोई भी पुलिस कर्मी शराब के नशे में मिला तो कड़ा एक्शन होगा.
ठंड में पुलिस गश्त की हकीकत देखने निकले थे अफसर: DCP वेस्ट दिनेश त्रिपाठी ने बताया- ठंड में पुलिस गश्त की हकीकत जानने के लिए देर रात ADCP वेस्ट कपिल देव चेकिंग पर निकले थे. इस दौरान उन्हें रावतपुर थाने की गुरुदेव चौकी इंचार्ज लोकेश पटेल और थाने में तैनात दरोगा निखिल सिंह नशे में धुत मिले.
दोनों का जनता से व्यवहार ठीक नहीं: दोनों एक साथ गुरुदेव पुलिस चौकी में शराब पी रहे थे. ADCP ने बताया कि इससे पहले भी दोनों पुलिस कर्मियों को कई बार हिदायत दी गई थी. जनता से व्यवहार भी ठीक नहीं था. इस वजह से दोनों के खिलाफ कार्रवाई के लिए रिपोर्ट बनाकर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल को भेजी गई थी. इसी रिपोर्ट के आधार पर पुलिस कमिश्नर ने दोनों दरोगा को सस्पेंड कर दिया.
लोकेश पटेल लगभग 15 दिन पहले ही पनकी इंडस्ट्रियल एरिया चौकी से गुरुदेव चौकी प्रभारी बनाए गए थे. अक्टूबर में रावतपुर में युवक पर चापड़ से हमला किया गया था. इस मामले में अधिकारियों को विरोधाभास बयान देने पर भी ADCP ने दरोगा निखिल सिंह को फटकार लगाई थी.
















Leave a Reply