पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में चेकिंग का वीडियो बनाने पर एक दरोगा ने दुकानदार के गाल पर थप्पड़ जड़ दिया. वीडियो डिलीट करने के लिए दरोगा ने दुकानदार का मोबाइल छीन लिया. जब वह उसके फोन की गैलरी में गए तो 75 वीडियो मिले.
इसमें वह तमंचे से फायरिंग करते हुए दिख रहा है. साथ ही कोचिंग क्लास में दोस्तों संग बैठकर शराब पीते और हाईवे पर अर्धनग्न दोस्तों के साथ बाइक का काफिला निकालते हुए भी दिखा. जांच में पता चला कि दुकानदार और उसके पिता की क्रिमिनल हिस्ट्री है. दोनों कल्याणपुर थाने में तैनात कॉन्स्टेबल के साथ भी हाथापाई कर चुके हैं और जेल भी गए.
दरअसल 6 दिसंबर को कल्याणपुर पनकी रोड चौकी प्रभारी पुष्पराज फोर्स के साथ कल्याणपुर रेलवे क्रासिंग के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे. इसका दुकानदार वीडियो बनाने लगा। इससे दरोगा को गुस्सा आ गया और उन्होंने पहले उसे मना किया कि सरकारी काम में दखल मत दो. जब नहीं माना तो उसके गाल पर एक थप्पड़ मार दिया. दुकानदार ने 10 दिसंबर को पुलिस कमिश्नर से शिकायत की. इसके बाद दरोगा को सस्पेंड कर दिया.
वाहन चेकिंग कर रही थी पुलिस, दुकानदार बनाने लगा वीडियो: कल्याणपुर पनकी रोड चौकी प्रभारी पुष्पराज 6 दिसंबर को फोर्स के साथ कल्याणपुर रेलवे क्रासिंग के पास वाहन चेकिंग कर रहे थे. इस दौरान एक दुकान के बाहर बाइक खड़ी हुई थी। जानकारी करने पर कुछ पता नहीं चलने पर चौकी प्रभारी ने बाइक को सीज कर थाने भिजवाने की कार्रवाई शुरू की. जबकि दुकान के बाहर खड़ा युवक वीडियो बनाने लगा. इस पर चौकी प्रभारी ने उसे मना किया. जब नहीं माना तो गुस्से में युवक के थप्पड़ जड़ दिया. वीडियो डिलीट करने के लिए उसका मोबाइल छीन लिया.
पूछताछ में युवक ने अपना नाम अभय प्रताप उर्फ विकास बताया. उसने कहा कि वह पनकी रोड गल्ला मंडी में रहता है. उसकी कॉस्मेटिक की दुकान है. दरोगा ने जब अभय का मोबाइल देखा तो उसमें करीब 75 वीडियो मिले. जिसमें पिस्टल-तमंचा से फायर करते हुए, कोचिंग क्लास में शराब पीते हुए और हाईवे पर दोस्तों संग हुड़दंग करते हुए वीडियो सामने आए. कुछ देर बाद अभय अपने पिता आशीष के साथ चौकी पहुंचा.
चौकी प्रभारी बोले- गाली दी थी, इसलिए उसे थप्पड़ मारा: उसके पिता आशीष ने चौकी में दरोगा पर 15 हजार की लूट का आरोप लगाया. इसके बाद पिता-पुत्र लौट आए. इसके बाद दोनों ने पुलिस कमिश्नर से शिकायत की. साथ ही मारपीट का वीडियो वायरल कर दिया.
इस मामले में थप्पड़ मारने वाले चौकी प्रभारी का कहना है कि मैंने जब वीडियो बनाने से रोका तो दुकानदार ने मुझे गालियां दीं थी. इसलिए मैंने उसे थप्पड़ मारा. उसके मोबाइल से वीडियो मिले हैं. पता चला है कि उसका क्रिमिनल रिकॉर्ड है. मैंने भी आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है. साथ ही वीडियो भी सौंपे हैं.
















Leave a Reply