कानपुर में व्यापारी से एक लाख रुपए मांगने वाले फूड इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया. व्यापारी ने कहा- 4 दिसंबर को फूड इंस्पेक्टर अनिल पाल दुकान में घुस आए और जबरन सैंपल भरने लगे. बोले- एक लाख का जुर्माना लगेगा. इसके साथ ही नोटिस चस्पा कर दिए। कहा- नोटिस हटाने को 20 हजार लगेंगे. इसके बाद व्यापारी से साढ़े 10 हजार रुपए ले लिए.
व्यापारी राजेश गुप्ता ने पूरे मामले की शिकायत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त डॉ. रोशन जैकब से की. मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 दिसंबर को फूड इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया. पूरा मामला महाराजपुर के सरसौल कस्बे की है.
व्यापारी राजेश गुप्ता ने बताया- मैं आयुष जनरल स्टोर के नाम से दुकान चलाता हूं. 4 दिसंबर को फूड इंस्पेक्टर अनिल पाल 3 लोगों के साथ मेरी दुकान पर पहुंचे और जबरन सैंपल भरने लगे. उन्होंने कहा- इसका एक लाख रुपए जुर्माना बनता है. इसके बाद उन्होंने नोटिस चस्पा कर दिए.
फूड इंस्पेक्टर के साथ आए व्यक्ति ने कहा- इस कागज को हटवाना है तो 20 हजार रुपए दो. अभी मामला रफा-दफा हो जाएगा. नहीं दोगे तो एक लाख भरना पड़ेगा.

व्यापारी के बेटे ने कहा- जबरदस्ती दुकान से सैंपल भरे: व्यापारी राजेश गुप्ता के बेटे आकाश गुप्ता ने कहा- जब फूड इंस्पेक्टर कार्रवाई कर रहे थे तो हम लोगों ने हाथ पैर जोड़े. फिर भी वो नहीं माने बोले- 1 लाख का जुर्माना लगाएंगे और दुकान सीज कर देंगे. एक कागज में साइन करवाए.
उन्होंने कहा- इस कागज को हटाएंगे तो 20 हजार रुपए दीजिए. इसके बाद उन्होंने 6 हजार कैश और 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराया और 500 रुपए ड्राइवर को दिलवाए. अंशुल सिंह के अकांउट में पैसे ट्रांसफर कराए.
CCTV के साथ FSDA मुख्यालय को भेजी शिकायत: व्यापारी राजेश गुप्ता ने रुपए लेने की शिकायत और सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत एफएसडीए मुख्यालय को भेजी. शिकायत के बाद मामले की जांच सहायक खाद्य आयुक्त द्वितीय संजय प्रताप सिंह को सौंपी गई थी. गुरुवार यानी 10 दिसंबर को रात उच्च अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए खाद्य निरीक्षक अनिल पाल को सस्पेंड कर दिया.
उन्हें मंडलीय कार्यालय लखनऊ से संबद्ध करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के भी आदेश दिए गए हैं. अनिल पाल पर व्यापारियों से पद का दुरुपयोग करने और झूठे आरोप लगाकर धमकी देने का भी आरोप है.
व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज: व्यापारी राजेश गुप्ता की तहरीर पर महाराजपुर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. महाराजपुर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
















Leave a Reply