पुनीत शुक्ला, कानपुर।
केआईटी कॉलेज में छात्रों ने परीक्षा केंद्र को अंतिम समय में बदलने और अवैध वसूली के खिलाफ प्रदर्शन किया. कॉलेज डायरेक्टर ने परीक्षा प्रक्रिया को यूनिवर्सिटी गाइडलाइंस के अनुरूप बताया है.
कानपुर में महाराजपुर थाना क्षेत्र के रूमा स्थित केआईटी कॉलेज में गुरुवार को एमबीए और बीटेक के छात्रों ने अपनी मांगों को लेकर कैंपस के अंदर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. सैकड़ों की संख्या में जुटे छात्रों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है.
छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रबंधन ने पूरे सत्र में यही बताया कि परीक्षाएं कॉलेज कैंपस में ही कराई जाएंगी अब जब परीक्षा में मात्र दस दिन बचे हैं, तो अचानक सूचना दी गई कि परीक्षाएं यूनिवर्सिटी में होंगी. छात्रों का कहना है कि कम समय में नई जगह पर परीक्षा देने की तैयारी करना मुश्किल होगा. आरोप यह भी लगाया गया कि कॉलेज प्रबंधन पूरे साल अलग-अलग तरीकों से अतिरिक्त पैसों की उगाही करता है.
परीक्षा केंद्र बदलने से होगी भारी परेशानी: एडमिट कार्ड होने के बावजूद पांच सौ रुपये का जुर्माना लगाया जाता है और परीक्षा के समय भी अवैध वसूली की जाती है. छात्रों ने बताया कि कई बच्चे दूरदराज के जिलों से यहां पढ़ने आते हैं. ऐसे में परीक्षा केंद्र बदलने से उन्हें भारी परेशानी होगी. विरोध प्रदर्शन में अभिषेक मिश्रा, प्रीति यादव,आयुष सिंह चौहान, कार्तिक कुशवाहा, उत्कर्ष, वैभव शर्मा, अभिषेक शुक्ला, पुष्पेंद्र शुक्ला, जानवी और साक्षी सहित बड़ी संख्या में छात्र शामिल रहे.
छात्रों को समझाने का किया जा रहा है प्रयास: इस दौरान छात्रों ने बताया कि उन्हें विद्यालय से सस्पेंड करने की भी धमकी दी जा रही है। विरोध प्रदर्शन के बारे में परिजनों से शिकायत करने की धमकी दी जा रही है. वहीं, कॉलेज के डायरेक्टर का कहना है कि जून 2024 में यूनिवर्सिटी द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार ही परीक्षाओं की प्रक्रिया कराई जा रही है. छात्रों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन वे मानने को तैयार नहीं हैं.
















Leave a Reply