UP विधानसभा के शीतकालीन सत्र से ठीक पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कफ सिरप को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पलटवार किया है. सीएम योगी ने कहा कि कफ सिरप का मामला नशे और तस्करी से जुड़ा हुआ है. इसकी जांच सरकार विभिन्न एजेंसियों से करा रही है. सीएम योगी ने दावा किया कि कफ सिरप कांड में शामिल माफियाओं के सपा से संबंध हैं. कफ सिरप का पैसा कहां-कहां गया है इसकी जांच हो रही है.
योगी ने एक मशहूर शेर के जरिए अखिलेश यादव पर तंज भी कसा. कहा कि उनकी स्थिति उस व्यक्ति जैसी है जो अपनी गलतियां सुधारने के बजाय दूसरों पर आरोप लगाता है. उनके लिए तो यही कहा जा सकता है कि यही कसूर मैं हर बार करता रहा, धूल चेहरे पर थी और आईना साफ करता रहा.
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सपा नेता अपनी पार्टी के भीतर पनप रहे माफियावाद को देखने के बजाय सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठा रही है. कफ सिरप तस्करी में ‘सपा कनेक्शन का भी सीएम योगी ने दावा किया. मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि कफ सिरप और नशीली दवाओं के खिलाफ यह कार्रवाई खुद सरकार के निर्देश पर शुरू की गई है.उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों के अवैध उपयोग की जानकारी मिलते ही सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं. बड़े पैमाने पर तस्करी पकड़ी गई है और व्यापक गिरफ्तारियां हुई हैं. योगी आदित्यनाथ ने सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि हर व्यक्ति जानता है कि प्रदेश के हर माफिया का संबंध सपा से रहा है. प्रारंभिक जांच में यह साफ हो गया है कि कफ सिरप तस्करी में जिन लोगों को पकड़ा गया है, उनके तार समाजवादी पार्टी से जुड़े हैं.मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के अपराधों और माफिया को संरक्षण देने के मामले में समाजवादी पार्टी पहले से ही कुख्यात रही है.
पैसे के लेन-देन की हो रही है जांच: योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह मामला केवल तस्करी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके विभिन्न पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पुलिस और जांच एजेंसियां इस बात का पता लगा रही हैं कि तस्करी से कमाए गए पैसे किन-किन रसूखदार लोगों के पास गए हैं. मुख्यमंत्री ने कड़े लहजे में चेतावनी दी कि इस रैकेट में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसके राजनीतिक संबंध कितने ही गहरे क्यों न हों.















Leave a Reply