पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में न्याय पाने के लिए एक युवक ने DM जितेंद्र प्रताप सिंह के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की. पुलिसवालों ने घेरा बनाकर उसे पकड़ा तो चिल्लाया- फिल्मों में देखा था कि प्रशासन ऐसे नहीं सुनता है। इसलिए पेट्रोल डाल लिया.
दरअसल, शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का अयोजन किया गया था. नरवल में जिलाधिकारी, दूर दराज से आए फरियादियों की शिकायतें सुन रहे थे. तभी एक युवक अपने शरीर पर पेट्रोल डालकर चिल्लाने लगा- सर, हमारी कोई नहीं सुन रहा है. आज जान दे देंगे. मां के साथ मैं न्याय के लिए भटक रहा हूं.
नरवल थाने के करबिगवां साढ़ गांव निवासी बउवन बोतल में पेट्रोल लेकर पहुंचे थे. गनीमत रही कि पुलिस वालों ने उसे पकड़ लिया और बाल-बाल बचा लिया.
नाली बंद होने से मेरा घर गिर सकता है: पीड़ित रणजीत उर्फ बउवन सिंह ने बताया कि मैं नरवल थाने के करबिगवां साढ़ गांव का रहने वाला हूं. परिवार के ही सत्येंद्र, अभय सिंह और अखिलेश सिंह ने मेरे घर की नाली तोड़कर बंद कर दी है. इसके कारण मेरे कच्चे मकान में नाली का पानी भर रहा है, इससे घर गिरने का खतरा बना हुआ है.
बेटे बउवन के साथ मां भी पहुंची थीं. उन्होंने बताया कि पड़ोसी महिलाओं ने सीने पर चढ़कर मारा है.
मां बोलीं- महिलाओं ने सीने पर चढ़कर मुझे मारा-पीटा: बउवन ने कहा- मैं अपने दो भाइयों राकेश और रणधीर के साथ रहता हूं. पिता महावीर सिंह का पांच साल पहले निधन हो चुका है. खेती करता हूं। पड़ोसी धमकाते हैं. कहते हैं कि मेरा बेटा फौज में है, कहीं भी शिकायत कर लो, कुछ नहीं होगा. मां के साथ थाने, SDM से लेकर लखनऊ तक न्याय के लिए गया, लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हो रही.
मां रानी ने बताया- पड़ोसी महिलाओं ने सीने पर चढ़कर मुझे मारा-पीटा. पुलिस वालों के पास गई तो भगा दिया। विपक्षियों से पुलिस वालों ने पैसे ले लिए हैं. कहा- जब भी मैं नाली को ठीक करती हूं, तोड़ देते हैं.
DM बोले- कार्रवाई की जाएगी
“इस मामले में ACP चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय और SDM विवेक कुमार मिश्रा को समाधान दिवस के बाद मौके पर भेज कर जांच कर कार्रवाई कराने की बात कही है. इस मामले में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.” – जितेंद्र प्रताप सिंह, DM
ACP बोले- ऐसे आत्मदाह के प्रयास पर भी कार्रवाई करेंगे ACP चकेरी ने कहा कि तहसील परिसर में पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास दबाव बनाने जैसा है. पुलिस ने मौके पर जांच की. लेकिन, नाली का पानी अभी भी नहीं रुका और न ही कोई दीवार गिरी है. इस तरह के आत्मदाह के प्रयास करने वाले पर भी कार्रवाई की जाएगी.
















Leave a Reply