लखनऊ में लड़की को दौड़ाकर कुचलने लगी छुट्टा गाय, किसी तरह से बची जान; डरा देगा वायरल वीडियो

Spread the love

राजधानी लखनऊ के चौक क्षेत्र के चौपटिया में छुट्टा गोवंश का आतंक एक बार फिर मासूम की जान पर भारी पड़ते-पड़ते बचा. दो दिन पहले 14 वर्षीय बच्ची रिद्धिमा उर्फ चिंकी पर एक गाय ने दौड़ाकर हमला कर दिया. उसे बेरहमी से पैरों तले कुचलने लगी। स्थानीय निवासियों ने किसी तरह बच्ची की जान बचाई. गाय बच्ची को इस तरह रौंद रही थी कि जैसे उसकी जान लेकर ही छोड़ेगी. लोग उसे पत्थर मार रहे थे लेकिन वह फिर भी नहीं हट रही थी. बड़ी मुश्किल से गाय को लोग हटा पाए. लेकिन थोड़ी देर बाद वह दोबारा पलटकर हमले के लिए दौड़ी। बच्ची कार के पीछे चुप गई. घटना का सीसीटीवी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए.

सीसीटीवी में कैद गाय का हमला, पत्थर मारने पर भी नहीं हट रही थी: सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि गाय दौड़ते हुए बच्ची को गिरा देती है और फिर उसे लगातार कुचलने लगती है. आसपास मौजूद लोग पत्थर मारकर उसे हटाने की कोशिश करते हैं, लेकिन गाय टस से मस नहीं होती है. एक बार लोगों ने किसी तरह बच्ची को छुड़ाया, लेकिन गाय पलटकर दोबारा हमला करने लौट आई. इसी बीच बच्ची घुटनों के बल पीछे की ओर खिसकते हुए एक कोने में कार के पीछे छुप गई, जिससे उसकी जान बच सकी. स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से बड़ी अनहोनी टल गई.

हर दिन छुट्टा जानवर देखते हैं, पिता ने निगम पर उठाए सवाल: बच्ची के पिता शैलेंद्र मल्होत्रा ने कहा कि इलाके में छुट्टा जानवरों की समस्या लंबे समय से है. हम जब भी बाहर निकलते हैं, गाय-सांड और कुत्ते सड़कों पर घूमते दिखते हैं। कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. आज मेरी बेटी की जान बाल-बाल बची है, कल किसी और के साथ ऐसा न हो, इसकी क्या गारंटी है? उन्होंने नगर निगम से सख्त कार्रवाई की मांग की.

अवैध तबेले का खुलासा, एफआईआर की तैयारी: नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि हमलावर गाय चौपटिया निवासी मुन्ना घोसी की है. कूड़ा घर के पास उसने अवैध रूप से तबेला बना रखा है. मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर के लिए तहरीर दी जा रही है. उन्होंने कहा कि अवैध तबेले और खुले में छोड़े गए पशुओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

लोगों का आक्रोश, सड़क पर गोबर, हर वक्त खतरा: स्थानीय निवासी मोहम्मद अमानतुल्लाह ने बताया कि इलाके में गोवंश और आवारा कुत्तों के कारण हालात बदतर हैं. सड़कों पर गोबर पड़ा रहता है, आवागमन मुश्किल हो गया है. कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस है. यह घटना आंखें खोलने के लिए काफी होनी चाहिए.

हमलावर गाय को नगर निगम ने पकड़ा: घटना का सीसीटीवी वायरल होने के बाद मंगलवार को नगर निगम की टीम चौपटिया पहुंची. सुबह के टाइम गाय की खोजबीन शुरू हुई लेकिन घोसी का पता नहीं चल पा रहा था. दोपहर बाद घोसी के घर का पता चल पाया। वहां गाय मौके पर बंधी हुई थी. नगर निगम टीम ने गाय को पकड़ लिया. सड़क पर घूम रही कुछ और गाय पकड़ी गई। इस तबेले को जल्दी ही हटाया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *