भारत को अब सिर्फ 18% देने होंगे टैरिफ, PM मोदी से बातचीत के बाद ट्रंप का ऐलान

Spread the love

अमेरिका और भारत के बीच व्यापार समझौते के तहत अमेरिका ने भारत के लिए टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है. इस बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना दोस्त बताया और कहा कि हमने फोन पर व्यापार और रूस-यूक्रेन के साथ युद्ध खत्म करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की.

भारत के साथ ट्रेड डील के बारे में जानकारी देते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वह मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं. हमने व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने समेत कई मुद्दों पर चर्चा की.’

भारत ने रूस से तेल खरीदना किया बंद: ट्रंप ने अपने पोस्ट में ये भी दावा किया कि भारत ने रूस से तेल की खरीद को बंद कर दिया है और अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए. इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं!

भारत भी घटाएगा टैरिफ? उन्होंने पीएम मोदी को अपना दोस्त बताते हुए कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी के प्रति मित्रता और सम्मान के कारण और उनके अनुरोध पर, तत्काल प्रभाव से हमने अमेरिका और भारत के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की, जिसके तहत अमेरिका रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर देगा. इसी तरह भारत भी अमेरिकी वस्तुओं पर अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बैरियर्स को जीरो करने की दिशा में कदम उठाएगा.’

ट्रंप ने आगे कहा कि मोदी ने बाय अमेरिकन नीति को बहुत ऊंचे स्तर पर अपनाने की प्रतिबद्धता जताई है. भारत अमेरिका से 500 अरब डॉलर से अधिक की ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य अमेरिकी उत्पाद खरीदेगा.

ट्रंप ने कहा, ‘हमारा भारत के साथ अद्भुत संबंध और मजबूत होगा. मोदी और मैं ऐसे दो लोग हैं जो काम करवाते हैं जो ज्यादातर लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता.’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *